अवैध शराब तस्करी करने वालों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे में 13 मुकदमे दर्ज करके 14 आरोपी किए काबू

फरीदाबाद : पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा द्वारा चलाए गए नशा मुक्ति अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा तथा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी करने वालों पर कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद के विभिन्न स्थानों पर शराब तस्करी करने वाले 14 आरोपियों के खिलाफ 13 मुकदमे दर्ज किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि फरीदाबाद पुलिस के द्वारा शराब तस्करों पर कार्यवाही करते हुए 24 घंटों में 13 मुकदमे दर्ज करके 14 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सुरेंद्र, पवन, सूरजपाल, करण, लखनपाल, अशोक, शिवम, कुलदीप, धर्मवीर, संजय, सागर उर्फ जावेद, राजू, प्रिंस तथा सन्नी का नाम शामिल है। दर्ज किए गए इन 13 मुकदमों में फरीदाबाद के थाना सिटी बल्लभगढ़ में 4, थाना कोतवाली में 3, थाना सेक्टर 8 और 58 में 2-2 एवं थाना सेंट्रल और ओल्ड में 1-1 मुकदमा शामिल है। आरोपियों के खिलाफ दर्ज किए गए इन 13 मुकदमों में 212 बोतल अवैध शराब बरामद की गई है जिसमें पुलिस थाना कोतवाली की टीम ने सबसे अधिक 5 पेटी अवैध शराब बरामद करते हुए आरोपी सागर तथा राजू को गिरफ्तार किया।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव ने 3, थाना सेक्टर 58 और कोतवाली ने 2-2, क्राइम ब्रांच सेंट्रल, क्राइम ब्रांच सेक्टर 56, थाना ओल्ड, थाना सेंट्रल, थाना सेक्टर 8 और थाना सिटी बल्लभगढ़ में 1-1 मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा ऊंचा गांव द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ सबसे अधिक तीन मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस द्वारा आरोपियों को अदालत में पेश कर उचित कानूनी कार्रवाई की गई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस आयुक्त द्वारा शहर को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत सभी पुलिस अधिकारियों को नशा तस्करी में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के विशेष दिशा निर्देश दिए गए हैं जिसके तहत फरीदाबाद पुलिस इन नशा तस्करों पर शिकंजा कसके नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के बेहतरीन प्रयास कर रही है।



