होटल में मिला फैक्टरी मालिक का शव

नोएडा (उप्र), 22 जनवरी : गौतमबुद्ध नगर जिले में नोएडा सेक्टर-113 पुलिस थाना क्षेत्र के नोएडा सेक्टर 117 स्थित एक होटल से 48 वर्षीय फैक्टरी मालिक का शव मिला है और उसकी कार, मोबाइल फोन नगदी आदि गायब है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) रणविजय सिंह ने बताया कि मृतक कारोबारी की पहचान उमेश कुमार के तौर पर की गई है और शुक्रवार को होटल के कमरे से उनका शव मिला था।

सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों के मुताबिक उमेश बृहस्पतिवार की रात से लापता थे और उन्होंने बृहस्पतिवार को ही नोएडा फेस-2 थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।

अपर उपायुक्त ने बताया कि मृतक नोएडा सेक्टर 82 में रहता था और नोएडा फेस-2 थाना क्षेत्र में उसकी केमिकल बनाने की फैक्ट्री है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हृदयाघात बताई गई है।

पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला है कि उमेश दो युवतियों के साथ होटल आए थे। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि उमेश की मौत के बाद महिलाएं तथा उनके साथी मृतक का मोबाइल फोन, नकदी तथा एमजी हेक्टर कार आदि लेकर फरार हो गए हैं।

पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों ने इस मामले में अभी तक नोएडा सेक्टर-113 थाना में कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!