एनपीटीआई में उत्साहपूर्वक मनाया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
‘स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग’ थीम पर सैकड़ों अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने किया योगाभ्यास

फरीदाबाद। विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण प्रतिष्ठान (एनपीटीआई), सेक्टर-33, फरीदाबाद में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर “स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग” थीम के तहत भव्य योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग ले रहे सैकड़ों प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास किया।

यह योग सत्र हेमंत जैन, महानिदेशक, NPTI एवं सदस्य (GO&D), CEA के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. इंदु महेश्वरी, प्रधान निदेशक द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर श्री सुरेन्द्र कुमार, निदेशक (प्रशासन), डॉ. वत्सला शर्मा, निदेशक (प्रशिक्षण) सहित संस्थान के उप निदेशक, सह निदेशक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
भारतीय योग संस्थान के प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान अभ्यास किए। इस दौरान योग को केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, तनाव प्रबंधन एवं सकारात्मक जीवनशैली का प्रभावी माध्यम बताया गया।

डॉ. इंदु महेश्वरी, प्रधान निदेशक ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ, संतुलित और ऊर्जावान जीवन का आधार है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नियमित योगाभ्यास करने और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।



