वैष्णो देवी भूस्खलन में मृतकों की संख्या 34 हुई

जम्मू : कटरा में (26 अगस्त) को हुए भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है. जम्मू क्षेत्र में पिछले 38 घंटों से भारी बारिश हो रही है जिसके कारण बाढ़ आने, भूस्खलन, पुल, सड़कें क्षतिग्रस्त होने और आवासीय एवं कृषि क्षेत्र जलमग्न हो जाने की वजह से कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है. जम्मू में पिछले कई दशकों में हुई यह सर्वाधिक बारिश है.

जम्मू में भारी बारिश से वैष्णो देवी मार्ग पर हुए भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 हो गई. जम्मू में पिछले कई दशकों में यह सर्वाधिक बारिश है. जम्मू में स्कूल सोमवार से बंद हैं, वहीं कश्मीर के छह जिलों – अनंतनाग, कुलगाम, पुलवामा, शोपियां, बडगाम और श्रीनगर – में शैक्षणिक संस्थान बुधवार को एहतियात के तौर पर बंद कर दिए गए. भारी बारिश के कारण पूरे जम्मू कश्मीर में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है. कश्मीर में झेलम नदी और अन्य नदियों का जलस्तर बाढ़ की घोषणा के निशान से ऊपर बह रहा है, जबकि जम्मू संभाग में नदियां और नाले खतरे के निशान से ऊपर बह रहे हैं. बुधवार को लगातार चौथे दिन मूसलाधार बारिश जारी रहने के कारण निचले इलाकों से हजारों निवासियों को निकाला गया. मौसम विभाग ने बुधवार को जम्मू संभाग और दक्षिण एवं मध्य कश्मीर के कई स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया था.

जम्मू डिवीजन में 58 ट्रेनें रद्द : उत्तर रेलवे ने बुधवार को जम्मू और कटरा स्टेशनों से आने-जाने वाली 58 ट्रेनों को रद्द करने का आदेश दिया. 64 ट्रेनों को जम्मू संभाग के अलग-अलग स्टेशनों पर बीच में ही रोक दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह रेल यातायात को कुछ समय के लिए बहाल किया गया था. लेकिन चक्की नदी क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ और भारी मिट्टी के कटाव के कारण इसे फिर से रोक दिया गया है.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!