सरस आजीविका मेला में SHG महिला उद्यमियों के लिए फ्लिपकार्ट द्वारा डिजिटल मार्केटिंग एवं ई-कॉमर्स कार्यशाला आयोजित

गुरुग्राम / नई दिल्ली, 17 फरवरी (मनीष शर्मा) : दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के अंतर्गत ग्राम ई-कॉमर्स को सशक्त बनाने और ग्रामीण महिलाओं की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के प्रयासों के तहत सरस आजीविका मेला, गुरुग्राम में फ्लिपकार्ट द्वारा स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिला उद्यमियों के लिए डिजिटल मार्केटिंग एवं ई-कॉमर्स ऑनबोर्डिंग पर एक व्यावहारिक कार्यशाला आयोजित की गई।

सरस आजीविका मेला देश के 28 से अधिक राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आई 900 से अधिक महिला स्वयं सहायता समूह उद्यमियों को एक मंच प्रदान कर रहा है, जहां 450 से अधिक हस्तशिल्प, हथकरघा एवं पारंपरिक खाद्य उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं।

कार्यशाला में अकाउंट सेटअप, उत्पाद सूचीकरण, कैटलॉग प्रबंधन तथा डिजिटल मार्केटिंग रणनीतियों जैसे सोशल मीडिया प्रचार, व्हाट्सऐप आधारित विपणन एवं बिक्री विश्लेषण के मूल सिद्धांतों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रतिभागियों को स्थानीय प्रदर्शनियों से आगे बढ़कर डिजिटल माध्यम से व्यापक बाजार तक पहुंच बनाने के उपायों से अवगत कराया गया।

यह सत्र वर्ष 2021 में ग्रामीण विकास मंत्रालय और फ्लिपकार्ट के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन के अंतर्गत चल रहे सहयोग का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य SHG उत्पादकों, कारीगरों और ग्रामीण उद्यमियों को डिजिटल बाजारों से जोड़ना है।

इस सहयोग के तहत SHG सदस्यों एवं समूहों को ऑनबोर्डिंग एवं प्रशिक्षण सहायता, कैटलॉगिंग सपोर्ट, अकाउंट एवं वेयरहाउस प्रबंधन में मार्गदर्शन तथा निर्धारित अवधि के लिए कमीशन में रियायत जैसी सुविधाएं प्रदान की जाती हैं, जिससे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर उनकी भागीदारी सुगम हो सके।

“ग्राम ई-कॉमर्स की वृद्धि द्वारा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने” संबंधी पहलों के अनुरूप SHG उत्पादों को विभिन्न ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स, जिनमें इनमें फ्लिपकार्ट, अमेज़न, मीशो, जियोमार्ट एवं ONDC जैसे प्लेटफॉर्म शामिल हैं। साथ ही ई-सरस पोर्टल को सुदृढ़ करने तथा भारतनेट के माध्यम से ग्रामीण ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी के विस्तार पर भी कार्य किया जा रहा है।

फ्लिपकार्ट द्वारा आयोजित सत्र के अतिरिक्त, प्रशिक्षण एवं ज्ञान प्रबंधन पवेलियन में आगामी दिनों में विभिन्न विषयगत सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। 19 फरवरी को ई-कॉमर्स व्यवसाय रणनीतियों, बिक्री विस्तार एवं SHG आय संवर्धन पर केंद्रित सत्र निर्धारित हैं। इसके पश्चात 26 फरवरी तक लॉजिस्टिक्स एकीकरण, प्रमाणन सहायता, मृदा स्वास्थ्य परामर्श, पशुपालन एवं मत्स्य पालन योजनाएं तथा SHG महिलाओं के लिए नवाचार आधारित आजीविका तकनीकों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!