ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट के नाम पर 91,50,000 रुपये की ठगी, साइबर थाना NIT की टीम ने मीडिएटर को किया गिरफ्तार

फरीदाबाद : ट्रेडिंग में इनवेस्टमेंट के नाम पर 91,50,000 रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने 8 अप्रैल को एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जिसकी पहचान मनोज (30) निवासी दुर्गा वाजीरा, जिला धेनकनाल (ओडिशा) के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार NIT निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी फेसबुक के माध्यम से एक व्यक्ति से बातचीत शुरू हुई, जो बाद में व्हाट्सएप पर जारी रही। जिसने उसे ट्रेडिंग में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा दिया और उसका एक ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया। ठगों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने उनके द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में अक्टूबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच 91,50,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद न तो उसे कोई मुनाफा मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि मनोज ने खाताधारक मोहम्मद अफजल के नाम से एक फर्जी फर्म के 2 चालू खाते खुलवाये और उन खातों को टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से आगे ठगों को दे दिया। ठगों द्वारा उसके पास एक APK फाइल भेजी जाती थी, जिसको वह अफजल के पास भेजता था, अफजल द्वारा फाइल ओपन करते ही ठगों को अफजल के मोबाइल का एक्सेस मिल जाता था, जिससे ठग खाते में आये हुये ठगी के पैसे आगे ट्रांसफर कर लेते थे। मनोज अफजल को वर्ष 2017-18 से जानता है। अफजल के एक खाता में ठगी के लगभग 20 लाख रुपए तथा दूसरे खाता में लगभग 9 लाख रुपए, दोनों खातों में करीब 29 लाख रुपए आये थे।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि ठगी की रकम प्राप्त होने के बाद ठगों द्वारा उसको कमीशन के पैसे USDT (क्रिप्टोकरेंसी) के माध्यम से भेजे जाते थे, जिसे वह भारतीय रुपये में कन्वर्ट करवा लेता था। वह MBA पास है और जिरकपुर में किराए पर टैक्सी उपलब्ध कराने का काम करता है। जिसको आगामी पूछताछ के लिए 4 दिन पुलिस रिमांड पर लिया है। खाताधारक अफजल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।



