यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा को लेकर डीसीपी ट्रैफिक द्वारा समीक्षा बैठक आयोजित

फरीदाबाद : डीसीपी ट्रैफिक कार्यालय में पुलिस उपायुक्त यातायात जयवीर सिंह (HPS) द्वारा यातायात व्यवस्था की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी जोनल अधिकारियों तथा यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनोज कुमार सहित अन्य यातायात अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा अभियान एवं की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। डीसीपी ट्रैफिक द्वारा सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आमजन को यातायात नियमों के प्रति अधिक से अधिक जागरूक किया जाए तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं।

इसके अतिरिक्त बिना नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों तथा असुरक्षित/नियमों का उल्लंघन करने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को ऐसे वाहनों की पहचान कर नियमानुसार चालान एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर ब्लैक स्पॉट, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में जाम की स्थिति को नियंत्रित करने, अवैध पार्किंग हटाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

पुलिस उपायुक्त यातायात द्वारा मासिक समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया तथा सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि फरीदाबाद यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है और आगे भी नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुरक्षित एवं सुचारु बनी रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!