मीडिया विभाग द्वारा ‘एड कैंपेन फोटोग्राफी और डिजाइन’ पर कार्यशाला का आयोजन

फरीदाबाद, 30 अप्रैल : जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा विद्यार्थियों के कौशल विकास के लिए एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। ‘एड कैंपेन फोटोग्राफी, कॉन्सेप्ट एंड डिजाइन’ विषय पर आधारित इस कार्यशाला में बी.एससी. वीसीएमटी प्रथम और द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला के मुख्य वक्ता के रूप में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ.पवन कुमार उपस्थित रहे। मीडिया विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने विशेषज्ञ का पौधा भेंट कर स्वागत किया।
कार्यशाला के दौरान डॉ.पवन कुमार ने विज्ञापन जगत की बारीकियों को साझा करते हुए बताया कि एक सफल विज्ञापन अभियान के पीछे केवल तकनीक ही नहीं, बल्कि एक मजबूत ‘कॉन्सेप्ट’ और ‘विजुअल स्टोरीटेलिंग’ का होना अनिवार्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को कैंपेन आइडिएशन से लेकर अंतिम डिजाइन तैयार करने तक के चरणों के बारे में विस्तार से समझाया।
इस कार्यशाला की सबसे बड़ी विशेषता इसका व्यावहारिक पक्ष रहा। केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर, विद्यार्थियों ने कैंपस के विभिन्न हिस्सों में जाकर लाइव फोटोग्राफी की। विद्यार्थियों ने परिसर में मौजूद साधारण वस्तुओं का उपयोग कर प्रभावशाली कंपोजिशन बनाना सीखा। आकर्षक विजुअल फ्रेम तैयार किए और फोटोग्राफी के माध्यम से किसी ब्रांड या संदेश की कहानी कहना सीखा। कार्यशाला के अंतर्गत की गई गतिविधि ने न केवल छात्रों की रचनात्मकता को निखारा, बल्कि उनमें विज्ञापन के प्रति एक नई दृष्टि भी विकसित की।
कार्यशाला में कोऑर्डिनेटर सहायक प्रोफेसर अजय यादव और रवि का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए सीएमटी विभाग के चेयरमैन प्रो.पवन सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से इस तरह की शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है।
कार्यशाला के अंत में विद्यार्थियों द्वारा खींची गई तस्वीरों की समीक्षा की गई और उन्हें प्रोफेशनल फोटोग्राफी की बारीकियों से अवगत कराया गया। इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुसार तैयार होने में मदद मिलती है।



