डबुआ क्षेत्र में ठेकेदार हत्याकांड में क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने मुख्य शूटर सहित 3 और आरोपितों को किया गिरफ्तार

फरीदाबाद : पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में फरीदाबाद पुलिस द्वारा संगीन अपराधों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्यवाही की जा रही है। 22 मई को डबुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गाजीपुर स्थित एक वर्कशॉप में योगेश कुमार नामक लेबर ठेकेदार की हत्या के मामले में अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने 1 जून को 3 और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान मौसम व विकास कुमार वासी गांव चन्देली कर्मन चख जिला पूर्णिया बिहार तथा नीरज कुमार वासी गांव खैरव जिला मध्यपुरा, बिहार के रूप में हुई है।

जांच में सामने आया कि इस हत्या के पीछे ठेकेदारी के काम को लेकर आपसी विवाद और वर्चस्व की रंजिश थी। आरोपित मौसम, पहले योगेश कुमार के पास लेबर का काम करता था। अब वह लेबर ठेकेदारी का काम करना चाहता था, जिसको लेकर उसकी योगेश कुमार के साथ कहासुनी और विवाद हुआ था। इसी के चलते ठेकेदार को रास्ते से हटाने की उसने साजिश रची और अपने साथियों के साथ पूर्णिया बिहार से योगेश कुमार का पीछा करते हुए फरीदाबाद आया तथा 22 मई की अल सुबह घटना को अंजाम दिया।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार मौसम ने सोते समय योगेश कुमार ठेकेदार पर गोली चलाई थी। विकाश व नीरज वारदात के समय घटनास्थल की निगरानी (रेकी) कर रहे थे। वारदात की साजिश और सहयोग में शामिल 2 आरोपित पहले ही गिरफ्तार किये जा चुके हैं। साथ ही हथियार उपलब्ध कराने वाले 2 आरोपितों भी बिहार से गिरफ्तार किया जा चुका है। घटनाक्रम में अब तक पुलिस ने कुल 7 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

मौसम को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, वहीं विकाश व नीरज को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश प्राप्त हुए हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!