उपमंडल अधिकारी (ना0), फरीदाबाद हन्नी बंसल द्वारा रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया जाएगा सम्मानित

फरीदाबाद : भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, हरियाणा राज्य शाखा के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी, महासचिव डॉ. सुनील कुमार के निर्देशानुसार तथा आयुष सिन्हा उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के मार्गदर्शन में एवं सचिव बिजेंद्र सोरोत के नेतृत्व में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी, फरीदाबाद एवं महावीर इंटरनेशनल सोशल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 14 जून 2026 को रेडक्रॉस भवन, सेक्टर-12, फरीदाबाद में एक भव्य सम्मान समारोह एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपमंडल अधिकारी (नागरिक), फरीदाबाद श्री हन्नी बंसल उपस्थित रहेंगे तथा नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदाताओं, रक्तदान शिविरों के सफल आयोजकों, सामाजिक संस्थाओं एवं रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले संगठनों को सम्मानित करेंगे।

इस अवसर पर रक्तदान के महत्व, सुरक्षित रक्त की उपलब्धता तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के प्रमुख सामाजिक संगठनों, युवाओं, स्वयंसेवकों एवं रक्तदान से जुड़े कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी।

विशेष उल्लेखनीय है कि फरीदाबाद जिला लगातार छठी बार हरियाणा प्रदेश में स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त करने में सफल रहा है, जो जिले के रक्तदाताओं, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवकों तथा स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। यह उपलब्धि न केवल जिले के लिए गर्व का विषय है, बल्कि अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

जिला रेडक्रॉस सोसायटी, फरीदाबाद ने सभी नागरिकों से रक्तदान जैसे महादान के प्रति जागरूक होने तथा अधिक से अधिक संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान देने का आह्वान किया है। रक्तदान द्वारा किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान किया जा सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए |

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!