विश्व रक्तदाता दिवस पर रक्तदान शिविर एवं रक्तदाता सम्मान समारोह का आयोजन

फरीदाबाद । भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, हरियाणा राज्य शाखा के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी एवं महासचिव डॉ. सुनील कुमार के निर्देशानुसार तथा आयुष सिन्हा, उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद के मार्गदर्शन में एवं सचिव बिजेन्द्र सिंह सोरोत के नेतृत्व में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद द्वारा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने तथा रक्तदाताओं के अमूल्य योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से रेडक्रॉस भवन, सेक्टर-12, फरीदाबाद में दो विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की प्रथम कड़ी में जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद एवं मारवाड़ी युवा मंच, फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर मयंक भारद्वाज, उपमंडल अधिकारी (नागरिक), बल्लभगढ़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रक्तदान शिविर का उद्देश्य जिले में सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति प्रेरित करना था।
मयंक भारद्वाज, उपमंडल अधिकारी (नागरिक), बल्लभगढ़ ने कहा कि रक्तदान सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति की जान बचाने का सौभाग्य रक्तदान के माध्यम से ही प्राप्त होता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे रक्तदान को केवल एक अवसर नहीं बल्कि नियमित सामाजिक संस्कार के रूप में अपनाएं, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके और समाज में मानवीय मूल्यों को और अधिक मजबूती मिले।
प्रवीण अग्रवाल, अध्यक्ष, मारवाड़ी युवा मंच, फरीदाबाद ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच सदैव सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है तथा रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों के माध्यम से समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने युवाओं एवं नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने तथा इस महाअभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की दूसरी कड़ी में रक्तदाता सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उन व्यक्तियों, सामाजिक संस्थाओं एवं संगठनों को सम्मानित किया गया जिन्होंने रक्तदान एवं रक्तदान जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायक कार्य किया है। यह सम्मान समारोह जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद एवं महावीर इंटरनेशनल सोशल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। समारोह में हन्नी बंसल, उपमंडल अधिकारी (नागरिक), फरीदाबाद ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रक्तदाताओं एवं संस्थाओं को सम्मानित किया।
हन्नी बंसल, उपमंडल अधिकारी (नागरिक), फरीदाबाद ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानव जीवन के प्रति हमारी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का परिचायक है। उन्होंने रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।
बिजेन्द्र सिंह सोरोत, सचिव, जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद ने बताया कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा कर सकता है। उन्होंने कहा कि विश्व रक्तदाता दिवस समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नियमित रक्तदाताओं को सम्मानित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
पुरुषोत्तम सैनी, उपाधीक्षक, जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुनीत कार्य है जो किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्व रक्तदाता दिवस उन सभी रक्तवीरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जो निस्वार्थ भाव से मानव सेवा के इस महान कार्य में अपना योगदान दे रहे हैं।
प्रमोद सचदेवा, प्रधान, महावीर इंटरनेशनल सोशल फाउंडेशन ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व ही नहीं बल्कि मानवता के प्रति हमारी संवेदनशीलता और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महावीर इंटरनेशनल सोशल फाउंडेशन सदैव जनसेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है तथा भविष्य में भी रक्तदान जागरूकता एवं जनकल्याण के अभियानों में सक्रिय सहभागिता जारी रखेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से रक्तदान को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
उमेश अरोड़ा, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, महावीर इंटरनेशनल सोशल फाउंडेशन ने कहा कि रक्तदान ऐसा मानवीय कार्य है जो समाज में जीवन बचाने की सबसे प्रभावी कड़ी के रूप में कार्य करता है। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान से न केवल जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलता है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से रक्तदान जागरूकता अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। ए.एस. पटवा, ट्रस्टी, महावीर इंटरनेशनल सोशल फाउंडेशन ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदाताओं का योगदान अनमोल है और ऐसे निस्वार्थ सेवाभावी व्यक्तियों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
रक्तदाता सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित सभी रक्तदाताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य अतिथियों को स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने तथा समय-समय पर रक्तदान करने की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने एवं अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष रूप से विमल खंडेलवाल, संरक्षक, जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद, सुशील, प्रोजेक्ट डायरेक्टर सहित रोहताश, सोनिका, अमनदीप, कल्याण, ज्ञानेन्द्र, अनिल, रामबरन, अशोक, केशव, युवराज, सुमित एवं अन्य रेडक्रॉस स्टाफ का पूर्ण सहयोग रहा। आयोजन की समुचित व्यवस्थाओं, समन्वय एवं सफल संचालन में सभी कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई, जिसके फलस्वरूप कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



