थाना सारन पुलिस की कार्रवाई: अवैध शराब बेचने वाला गिरफ्तार, 174 बोतल देसी व अंग्रेजी शराब बरामद

घर में अवैध रूप से शराब की कर रहा था बिक्री, पहले भी एक्साइज एक्ट का मामले है दर्ज

फरीदाबाद। पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सतेंद्र कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में अवैध शराब पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। जिसके अंतर्गत थाना सारन पुलिस की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 174 बोतल देसी एवं अंग्रेजी शराब बरामद की है।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम (30 वर्ष), निवासी जवाहर कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि 24 जुलाई को थाना सारन पुलिस की टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि जवाहर कॉलोनी निवासी शुभम अपने घर में अवैध रूप से शराब बेचने का काम करता है। सूचना पर पुलिस टीम ने छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान आरोपी के घर से 110 बोतल अवैध अंग्रेजी एवं 64 बोतल देसी शराब बरामद हुई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पेशे से टेलर (दर्जी) का कार्य करता है। अतिरिक्त कमाई के लालच में वह विभिन्न शराब ठेकों से शराब खरीदकर अपने घर में अवैध रूप से इकट्ठा कर बेच देता था। आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस के शराब का भंडारण एवं बिक्री कर रहा था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत पहले भी एक मामला दर्ज है।

मामले के संबंध में आरोपित के विरुद्ध थाना सारन में हरियाणा आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

फरीदाबाद पुलिस की आमजन से अपील है कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री, भंडारण या तस्करी की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत फरीदाबाद पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 9999150000 या डायल 112 या स्थानीय पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!