फरीदाबाद पुलिस की साइबर अपराधियों पर कार्रवाई, तीन अलग-अलग मामलों में 4 आरोपित गिरफ्तार

* RTO चालान की APK फाइल डाउनलोड करने पर फोन हैक कर ₹2.41 लाख की ठगी
* इंस्टाग्राम पर जन्मदिन का गिफ्ट भेजने का झांसा देकर महिला से ₹47,200 की ठगी
* डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर महिला से ₹1.03 करोड़ की साइबर ठगी

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना एनआईटी की टीम ने साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों में कुल चार आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

मामला-1: RTO चालान की APK फाइल डाउनलोड करना पड़ा महंगा, फोन हैक कर ₹2.41 लाख की साइबर ठगी

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि राजीव कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 11 जून 2026 को उसके व्हाट्सएप पर RTO चालान के नाम से एक APK फाइल प्राप्त हुई। फाइल डाउनलोड करते ही उसका मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके बाद 11 एवं 12 जून 2026 को शिकायतकर्ता तथा उसकी माता के बैंक खातों से कुल ₹2,41,710 की अनधिकृत ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर ली गई। इनमें शिकायतकर्ता के खाते से ₹44,000 तथा उसकी माता के खाते से सात अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से ₹1,97,710 निकाल लिए गए।

मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना एनआईटी की टीम ने हरदीप सिंह निवासी पहाड़गंज, रुद्रपुर, जिला ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि उसने पहले गिरफ्तार किए जा चुके खाताधारक असद हुसैन का बैंक खाता साइबर ठगों तक पहुंचाया था, जिसमें ठगी के ₹95,000 ट्रांसफर हुए थे। आरोपित को माननीय अदालत में पेश कर आरोपित को 2 दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

मामला-2: इंस्टाग्राम पर जन्मदिन का गिफ्ट भेजने का झांसा देकर महिला से ₹47,200 की साइबर ठगी

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पर्वतीय कॉलोनी निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि 12 जुलाई 2026 को उनके इंस्टाग्राम पर जन्मदिन के उपलक्ष्य में गिफ्ट भेजने का संदेश प्राप्त हुआ। अगले दिन व्हाट्सएप कॉल कर ठग ने खुद को मुंबई एयरपोर्ट पर मौजूद बताकर गिफ्ट छुड़ाने के नाम पर विभिन्न किस्तों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए गए। शिकायतकर्ता ने अपने तथा अपने पति के बैंक खातों से कुल ₹47,200 ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद न तो कोई पार्सल मिला और न ही ठगों ने दोबारा संपर्क किया।

मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने अरुण निवासी गांव झिंझर, जिला चरखी दादरी तथा केशव निवासी गांव सफीपुर, थाना बेरी, जिला झज्जर को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि केशव, अरुण के मामा का लड़का है। केशव ने ही अरुण का बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसमें ठगी के ₹8,000 आए थे। पुलिस ने अरुण को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि केशव को पूछताछ के लिए 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

मामला-3: डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर महिला से ₹1.03 करोड़ की साइबर ठगी, एक आरोपित गिरफ्तार

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-46, फरीदाबाद निवासी एक महिला, जो एक प्रकाशन कंपनी की संचालक हैं, ने शिकायत दी थी कि साइबर ठगों ने स्वयं को विभिन्न सरकारी एजेंसियों का अधिकारी बताकर उनकी कंपनी के बैंक खाते को अवैध लेन-देन से जोड़ने का झूठा आरोप लगाया। इसके बाद व्हाट्सएप पर फर्जी नोटिस भेजकर उन्हें लगातार वीडियो कॉल पर निगरानी में रखा तथा किसी से बात न करने और कमरे से बाहर न निकलने की धमकी दी। भय का माहौल बनाकर आरोपितों ने महिला से ₹1,03,70,000 विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए।

मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने मोहम्मद फैजान खान पुत्र नूर सलाम, निवासी वजीरबाग, थाना सआदतगंज, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित खाताधारक है तथा उसके बैंक खाते में ठगी के ₹2 लाख ट्रांसफर हुए थे। आरोपित लखनऊ में पुरानी मोटरसाइकिलों की खरीद-फरोख्त का कार्य करता है। उसे माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस मामले में अब तक 20 आरोपितों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!