वारदात की फिराक में घूम रहे तीन बदमाश गिरफ्तार, 2 पिस्टल, एक कट्टा, 4 मैगजीन और 30 कारतूस बरामद

ऑपरेशन ट्रेकडाउन के तहत कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने ब्रेजा कार में पकडे

फरीदाबाद। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रेकडाउन के तहत फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मथुरा रोड स्थित अजरौंदा चौक के पास से तीन युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ब्रेजा कार में सवार होकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से दो देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, चार मैगजीन, 30 जिंदा कारतूस और ब्रेजा कार बरामद की है। जिनकी पहचान बसंत (34 वर्ष) निवासी गांव बाघपुर, जिला पलवल, हाल पता संजय कॉलोनी, फरीदाबाद, आकाश उर्फ मोनू (30 वर्ष) निवासी गांव बहादुरपुर, जिला सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश, हाल पता संजय कॉलोनी, फरीदाबाद व योगेश उर्फ योगी (30 वर्ष) निवासी गांव कोटला खुर्द, जिला ऊना, हिमाचल प्रदेश, हाल पता पर्वतीय कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। जिनको 4 दिन पुलिस रिमांड पर लेकर आगामी कार्रवाई की जा रही है।

अमन यादव, सहायक पुलिस आयुक्त अपराध ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि 8 अगस्त को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि थाना सेंट्रल के अंतर्गत अजरौंदा चौक के पास कुछ व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। जिस पर क्राइम ब्रांच की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम को मौके पर एक ब्रेजा कार में तीन व्यक्ति बैठे मिले। गाड़ी में बैठे आकाश उर्फ मोनू के कब्जे से एक देसी कट्टा और छह जिंदा कारतूस, योगेश उर्फ योगी के कब्जे से एक देसी पिस्टल और दो मैगजीन बरामद हुईं। दोनों मैगजीन में छह-छह जिंदा कारतूस मिले। वहीं बसंत के कब्जे से भी एक देसी पिस्टल और दो मैगजीन बरामद हुईं। दोनों मैगजीन में छह-छह जिंदा कारतूस मिले।

इस प्रकार पुलिस ने तीनों आरोपियों से कुल 2 देसी पिस्टल, 1 देसी कट्टा, 4 मैगजीन और 30 जिंदा कारतूस बरामद किए। वारदात में इस्तेमाल की जा रही ब्रेजा कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

जांच में सामने आया कि वर्ष 2020 में आरोपी बसंत के भाई के पैर में गोली मार दी गई थी। जिस संबंध में देवेंद्र व योगी के विरुद्ध थाना मुजसर में मामला दर्ज हुआ था। घटना का बदला लेने के लिए हथियार लेकर वारदात की फिराक में थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि बसंत (34) प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। योगेश उर्फ योगी (30) वैल्डिंग का काम करता है। वहीं आकाश उर्फ मोनू (30) वर्कशॉप में काम करता है। तीनों आपस में दोस्त है।
उनके द्वारा हथियार खरीदने के स्थान और हथियार उपलब्ध करवाने वाले व्यक्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। हथियारों के सोर्स का पता लगा लिया गया है। बाहर के राज्यों से हथियार लाये गए हैं। पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!