मीडिया विभाग द्वारा बीएससीवीसीएमटी के विद्यार्थियों के लिए जेस्चर ड्राइंग पर मास्टरक्लास का आयोजन

फरीदाबाद 12 अगस्त : जे.सी.बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा ‘वीकली स्किल बूस्ट’ कार्यक्रम के तहत बी.एससी.(वीसीएमटी) प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए ‘जेस्चर ड्राइंग मास्टरक्लास’ का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला विश्वविद्यालय परिसर स्थित सी.वी. रमन ब्लॉक के कमरा संख्या 205A में आयोजित की गई।
इस विशेष सत्र में के.आर.मंगलम विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक गौरव कुमार ने मुख्य वक्ता और विषय विशेषज्ञ के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को जेस्चर ड्राइंग की बारीकियों, शारीरिक गति (मूवमेंट), शारीरिक मुद्रा (पोश्चर), अनुपात और अभिव्यक्तियों के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्रों में अवलोकन क्षमता का विकास करना और आकृतियों के विस्तृत विवरण में उलझने के बजाय उनकी समग्र गतिशीलता को कैनवास पर उतारना सिखाना था। गौरव कुमार ने बताया कि चरित्र निर्माण (कैरेक्टर डिजाइनिंग) इलस्ट्रेशन और विजुअल स्टोरीटेलिंग में जेस्चर ड्राइंग एक मजबूत आधार का काम करती है।
मीडिया विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अकादमिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल का विकास आज के मीडिया और विजुअल कम्युनिकेशन के क्षेत्र में बेहद जरूरी है। ‘वीकली स्किल बूस्ट’ श्रृंखला का उद्देश्य हमारे विद्यार्थियों को उद्योग की आधुनिक तकनीकों और कलात्मक बारीकियों में निपुण बनाना है, ताकि वे रचनात्मक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकें।
सत्र के दौरान छात्रों को त्वरित और अभिव्यक्ति पूर्ण रेखाओं के माध्यम से लाइव स्केचिंग का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। इस मास्टर क्लास से विद्यार्थियों को शरीर की भाषा को समझने, स्केचिंग में आत्मविश्वास बढ़ाने और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम के समापन पर सहायक प्रोफेसर अजय यादव ने विशेषज्ञ का धन्यवाद व्यक्त किया।



