जबरन वसूली और धमकी मामले में सरगना गिरफ्तार, पांच आरोपी पहले हो चुके हैं काबू
अपराध शाखा सेक्टर-16 की कार्रवाई, प्रोडक्शन वारंट पर लेकर एक दिन के पुलिस रिमांड पर किया गया

फरीदाबाद, 12 अगस्त। जबरन वसूली और धमकी देने वालों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने थाना मुजेसर क्षेत्र में जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास उर्फ विक्की निवासी गांव नचौली, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार अनिल निवासी राजीव कॉलोनी, फरीदाबाद ने थाना मुजेसर में शिकायत दी थी कि उसकी हार्डवेयर चौक पर मीट की दुकान है। शिकायतकर्ता के मुताबिक 30 मई 2025 को उसके व्हाट्सएप पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने उससे एक लाख रुपये की फिरौती की मांग की।
इसके बाद अक्षय और इरशाद उसकी दुकान पर पहुंचे और जान से मारने की धमकी देते हुए उससे 10 हजार रुपये ले गए। आरोपियों ने उसे कहा कि यह पैसे विक्की और रोहित को देने हैं तथा बाकी रकम तैयार रखे।
शिकायतकर्ता के अनुसार कुछ दिन बाद 4 जून 2025 को 3-4 युवक उसकी दुकान पर पहुंचे और उससे दोबारा 10 हजार रुपये ले लिए। साथ ही धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए तो उसे जान से मार दिया जाएगा। लगातार मिल रही धमकियों और जबरन रुपये वसूले जाने से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने पुलिस को सूचना दी। शिकायत पर थाना मुजेसर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने कार्रवाई करते हुए विकास उर्फ विक्की निवासी नचौली को गिरफ्तार किया। आरोपी को 11 अगस्त को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसके कहने पर उसके साथी अक्षय, सलमान, सुमित व अन्य शिकायतकर्ता की दुकान पर गए थे और उससे रुपये वसूल किए थे।
विकास उर्फ विक्की का पूर्व में भी आपराधिक रिकार्ड रहा है, उसके खिलाफ पहले भी हत्या, हत्या के प्रयास, एक्सटॉर्शन सहित 10 मामले दर्ज है। घटनाक्रम में पांच आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।



