दो दोस्तों पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में छठा आरोपी गिरफ्तार

पुलिस चौकी नवीन नगर की कार्रवाई, पुरानी रंजिश के चलते वारदात को दिया था अंजाम

  • मामले में पांच आरोपी पहले ही गिरफ्तार होकर जा चुके हैं जेल

फरीदाबाद। अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस चौकी नवीन नगर की टीम ने दो दोस्तों पर चाकू एवं लात-घूंसों से हमला कर हत्या के प्रयास के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हर्ष (21), निवासी बदरपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस द्वारा अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अंश निवासी शिवम कॉलोनी, फरीदाबाद ने पुलिस चौकी नवीन नगर में शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, वह अपने दोस्त शिवम के साथ 3/4 अगस्त की रात जैतपुर से टीवी लेकर अपने घर की ओर जा रहा था।

इसी दौरान एमसीडी टोल के पास मनीष, हर्ष, जय, प्रेम और भूरी सहित अन्य आरोपियों ने दोनों का रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने अंश और उसके दोस्त शिवम के साथ लात-घूंसों से मारपीट की तथा चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए। शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी हर्ष और उसके साथियों की शिकायतकर्ता अंश के साथ पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने 3/4 अगस्त की रात अंश और शिवम को रास्ते में रोककर उन पर हमला किया था।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले में पुलिस टीम द्वारा इससे पहले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया था। अब पुलिस ने मामले में छठे आरोपी हर्ष (21) को गिरफ्तार किया है। जिसको भी न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!