ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत अवैध हथियार रखने वालों पर फरीदाबाद पुलिस का शिकंजा
अलग-अलग स्थानों से 7 काबू, 7 देसी कट्टे बरामद; तीन आरोपितों पर पहले भी दर्ज हैं 3-3 मामले

फरीदाबाद : अपराध एवं अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए फरीदाबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 14 अगस्त को अपराध शाखाओं की विभिन्न टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 7 आरोपितों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 7 अवैध देसी कट्टे बरामद किए।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने गांव तिलपत निवासी सूरज (24) को उसके गांव से, रोहित (24) को वेदराम कॉलोनी पल्ला से तथा सचिन (25) को लोहा पुल सराय से गिरफ्तार किया। तीनों के कब्जे से एक-एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया। इसी शाखा की टीम ने NIT फरीदाबाद निवासी बादल (26) को सराय टोल से गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से भी एक देसी कट्टा बरामद हुआ।
इसी क्रम में अपराध शाखा NIT की टीम ने एसजीएम नगर निवासी राहुल (25) को सेक्टर-45 से अवैध देसी कट्टे सहित गिरफ्तार किया। वहीं अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने गांव भूपानी निवासी सन्नी (36) को डबुआ मंडी तथा अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने भगत सिंह कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी सोपाली (28) को सेक्टर-77 से गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से भी एक-एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार सूरज, सचिन और बादल के खिलाफ पूर्व में भी चोरी तथा आर्म्स एक्ट सहित तीन-तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बरामद सभी अवैध हथियारों को कब्जे में लेकर संबंधित थानों में आरोपितों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं। सभी आरोपितों को नियमानुसार गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
फरीदाबाद पुलिस द्वारा ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत अवैध हथियार रखने वालों के साथ-साथ नशा तस्करी, लूट, झपटमारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य अवैध हथियारों कार्रवाई करना तथा जिले में कानून-व्यवस्था और अधिक बेहतर करना है।



