रात को सोते समय चाचा ने भतीजे पर चाकू से किया जानलेवा हमला
पुलिस चौकी सेक्टर 8 की टीम ने हमलावर चाचा को किया गिरफ्तार

फरीदाबाद : प्रेमनगर सेक्टर-4 क्षेत्र में एक युवक पर उसके चाचा द्वारा लाठी व चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस चौकी सेक्टर-8 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित चाचा ध्यानसिंह निवासी प्रेमनगर, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि वरुण निवासी प्रेमनगर, फरीदाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28/29 अगस्त की रात उसका चाचा ध्यानसिंह किसी काम को लेकर उसके पास आया था। उसके द्वारा मना करने पर आरोपी ने उसके साथ लाठी से मारपीट की। इसके बाद वह छत पर जाकर सो गया। देर रात आरोपी दोबारा उसके पास आया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-8 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और पीड़ित परिवार के बीच पहले से ही कहासुनी चल रही थी। 28/29 अगस्त की रात पीड़ित अपने चाचा की छत पर बैठा था। आरोपी ने उसे वहां से जाने के लिए कहा, जिसको लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। इसके बाद रात के समय जब पीड़ित छत पर सो रहा था, तभी आरोपी उसकी छत पर गया और उसके साथ मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



