हरियाणा स्कूल स्टेट गेम्स में होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने जीते दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक

फरीदाबाद : होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल, सेक्टर-29, फरीदाबाद के अंडर-14 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने 59वीं/8वीं हरियाणा स्कूल स्टेट गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं फरीदाबाद का नाम रोशन किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 24 सितंबर 2026 तक स्कॉलर रोजरी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रोहतक में किया गया, जिसमें पूरे हरियाणा से कुल 864 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में विद्यालय से चार खिलाड़ियों अर्पिता (कक्षा 7-बी), ऋषिका (कक्षा 7-बी), आराध्या पांडेय (कक्षा 8-डी) एवं अंकिता (कक्षा 7-सी) ने अंडर-14 आयु वर्ग में भाग लिया। आराध्या पांडेय एवं अंकिता ने कलात्मक युगल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक, जबकि ऋषिका एवं अर्पिता ने तलात्मक युगल प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में सतीश नांदल, उपाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी हरियाणा सहित जिला शिक्षा अधिकारी रोहतक, पुलिस उपायुक्त रोहतक, उप जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रोहतक, योग खेल के जिला संगठनात्मक अधिकारी शमशेर सिंह एवं संयोजक राकेश बुधवार सहित अन्य गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय लौटने पर विद्यालय के निदेशक साकेत भाटिया एवं प्रधानाचार्या अंशु टंडन ने सभी खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। निदेशक साकेत भाटिया ने खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धि की सराहना करते हुए आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्या अंशु टंडन ने बताया कि ये खिलाड़ी आगामी 29 सितंबर 2026 को होने वाली केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी भाग लेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
खिलाड़ियों की इस सफलता में विद्यालय के प्रशिक्षक श्याम कुमार का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा, जबकि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान सहायक अनिल कुमार ने खिलाड़ियों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।



