खुले दरबार में पहुंचे विभिन्न वर्गों के लोग, मंत्री राजेश नागर ने सुनी समस्याएं

फरीदाबाद। हर रविवार की तरह इस रविवार भी हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर के निवास पर खुले दरबार का आयोजन हुआ। इसमें विभिन्न वर्गों के लोगों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं, सुझाव और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषय मंत्री के समक्ष रखे। मंत्री राजेश नागर ने लोगों की बातें सुनते हुए संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

खुले दरबार में फरीदाबाद की होनहार खिलाड़ी कियारा गेरा की उपलब्धि भी चर्चा का विषय रही। कियारा ने चौथी हरियाणा राज्य सब-जूनियर मुक्केबाजी चैंपियनशिप-2026 में फरीदाबाद का प्रतिनिधित्व करते हुए 24 किलोग्राम भार वर्ग एवं 9 से 11 आयु वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन पैरामाउंट इंटरनेशनल स्कूल, नरवाना, जींद में हुआ था। इस शानदार प्रदर्शन के बाद अब कियारा उड़ीसा में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगी।

कियारा के कोच संतोष थापा और दिव्या थापा ने बताया कि कियारा पिछले पांच वर्षों से सेक्टर-9 स्थित ड्रैगन मार्शल आर्ट अकादमी में कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास कर रही हैं। उनकी मेहनत का परिणाम लगातार बेहतर प्रदर्शन के रूप में सामने आ रहा है। कियारा शिव नादर स्कूल की कक्षा पांच की छात्रा हैं।

वहीं, ग्रीन कंडोमिनियम वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-85 के प्रतिनिधियों ने बीपीटीपी पार्क लैंड, सेक्टर-85 स्थित तिरंगा पार्क में लोगों की सुविधा के लिए बेंच, ओपन जिम और बच्चों के लिए झूले लगाए जाने का अनुरोध मंत्री राजेश नागर के समक्ष रखा। उन्होंने क्षेत्र में पार्क सुविधाओं को बेहतर बनाने की आवश्यकता बताई।

खुले दरबार में सामाजिक मुद्दों से जुड़े प्रतिनिधि भी पहुंचे। गुर्जर सभा हरियाणा की ओर से 18 अक्टूबर को गांव की अनाज मंडी में आयोजित होने वाली सामाजिक कुरीतियों के विरोध की महापंचायत का निमंत्रण दिया गया। इस अवसर पर मंत्री राजेश नागर ने कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। ऐसे आयोजन लोगों को सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इसी क्रम में एक अभियान जिंदगी के नाम के प्रतिनिधियों ने 11 अक्टूबर को आयोजित होने वाले हेलमेट लंगर की जानकारी मंत्री को दी। मंत्री ने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया और अभियान से जुड़े लोगों को शुभकामनाएं दीं।

मंत्री राजेश नागर ने कहा कि खुले दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं और सुझावों को सीधे सुनना है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!