व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में 3 आरोपी काबू
क्राईम ब्रांच उंचा गांव की कार्रवाई

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। 4 अक्टूबर को थाना आदर्श नगर के अंतर्गत लक्ष्मण नामक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में क्राईम ब्रांच उंचा गांव की टीम ने 3 को काबू करने में सफलता हासिल की है। जिनकी पहचान प्रशांत, नमन और आकाश के रूप में हुई है, तीनों ऊंचा गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार अमित वासी गांव साहूपुरा ने थाना आदर्श नगर में दी अपनी शिकायत में बताया कि 4 अक्टूबर 2026 को उसके भाई महेश के पास चाचा लक्ष्मण का फोन आया कि सेक्टर-62/64 चौक पर रेहडी लगाने वाले 2 व्यक्ति व उनके कुछ साथी उसके साथ मारपीट कर रहे है। जब शिकायतकर्ता व उसका भाई मौके पर पहुंचे तो 10/12 लोग चाकू व रॉड से उसके चाचा पर हमला कर रहे थे। जब उन्होंने बीच बचाव की कोशिश की तो उन पर भी हमला कर दिया। हमले में आई चोंटो के कारण शिकायतकर्ता के चाचा लक्ष्मण की मृत्यु हो गई। जिस संबंध में थाना आदर्श नगर में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रिंकू वासी ऊंचा गांव की चाट की रेहडी है, जहां पर लक्ष्मण के साथ उसकी कहासुनी हुई थी। जिस पर रिंकू ने अपने भाई व दोस्तों को बुला लिया। जिन्होंने लक्ष्मण (45) व अन्य पर चाकू व लाठी डंडों से हमला कर दिया। जिसमें लक्ष्मण की मृत्यु हो गई, महेश को चोट आई है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपितों को मंगलवार को न्यायालय में पेश कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।



