सेक्टर-17 में मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश से एनसीआर में आकर देते थे चोरी की वारदातों को अंजाम, पहले करते हैं मकानों की रेकी, फिर रात के अंधेरे में करते है चोरी

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने सेक्टर-17 स्थित एक मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले 4 आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू, हरदीप, मंगल और जयवीर निवासी गांव रूसीया टपरा, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-17 निवासी विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19/20 सितंबर की रात को उसके मकान के कमरों के दरवाजे और स्टोर रूम में रखी अलमारियों के ताले तोड़कर कोई घर से नकदी, ज्वैलरी और चांदी के कुछ सिक्के चोरी कर ले गया।शिकायत पर थाना सेक्टर-17 में चोरी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मध्य प्रदेश की एक चोरी करने वाली गैंग से जुड़े हुए हैं, जो वहां से एनसीआर क्षेत्र में आकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। वारदात से पहले गैंग के सदस्य दिन के समय इलाके और मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय मकान का ताला तोड़कर चोरी करते और वारदात को अंजाम देने के बाद वापस मध्य प्रदेश चले जाते थे। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने 19 सितंबर 2026 को शिकायतकर्ता के मकान की रेकी की थी और रात के समय मकान में प्रवेश कर नकदी, ज्वैलरी और चांदी के सिक्के चोरी कर लिए तथा मौके से फरार हो गए।

चारों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर आगामी पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से चोरी की संपत्ति की बरामदगी, वारदात से संबंधित अन्य तथ्यों तथा संभावित अन्य संलिप्तताओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!