पुलिस की पाठशाला के तहत पंडित एल.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स में नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों के प्रति किया जागरूक
थाना सेक्टर-58 एवं सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद की संयुक्त पहल, 250 से 300 विद्यार्थियों एवं संस्थान के सदस्यों ने लिया भाग

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा विद्यार्थियों एवं आमजन को अपराधों के प्रति जागरूक करने और पुलिस की सहायता सेवाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज 12 अक्टूबर 2026 को थाना सेक्टर-58 एवं सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद द्वारा पंडित एल.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स, फरीदाबाद में “पुलिस की पाठशाला” के तहत नशा मुक्ति, साइबर अपराध, डायल-112, कानूनी साक्षरता एवं महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सतेन्द्र कुमार गुप्ता, के मार्गदर्शन, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक, के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त अपराध जयबीर राठी, आईपीएस के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम, पुलिसकर्मियों एवं अधिवक्ता ने विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को महिला सुरक्षा, व्यक्तिगत सुरक्षा, महिलाओं को प्राप्त कानूनी संरक्षण, कानूनी अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में चुप रहने के बजाय पुलिस एवं संबंधित सहायता सेवाओं से संपर्क करना चाहिए।

सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की तुरंत शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही डायल-112 की आपातकालीन पुलिस सहायता सेवा के सही उपयोग के बारे में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत पुलिस सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया।
नशा मुक्ति अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया। युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के नुकसान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर संदेश दिया गया कि “नशे की लत से छुटकारा पाने के लिए सिर्फ उसका इस्तेमाल बंद करना काफी नहीं है, बल्कि एक ऐसी नई जिंदगी बनानी पड़ती है, जिसमें नशा न करना आसान हो।”
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिवक्ता ने विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, महिलाओं को प्राप्त कानूनी संरक्षण, निःशुल्क विधिक सहायता एवं उपलब्ध कानूनी उपायों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध एवं कानूनी अधिकारों से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों, सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम एवं अधिवक्ता द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 250 से 300 विद्यार्थियों एवं संस्थान के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे अपने अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी आपात स्थिति, महिला संबंधी अपराध अथवा साइबर अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
फरीदाबाद पुलिस का संदेश: जागरूक नागरिक, सुरक्षित समाज। नशे से दूर रहें, साइबर अपराधों से सतर्क रहें और जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने में संकोच न करें।



