अवैध पटाखों के भंडारण पर फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गोदाम से 7,270 किलोग्राम पटाखे बरामद

अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने गोदाम संचालक को किया काबू, 2025 में समाप्त हो चुका था पटाखे बेचने का लाइसेंस

  • पुलिस ने थाना बीपीटीपी में मामला दर्ज कर शुरू की जांच, अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई जारी

फरीदाबाद : त्योहारों के दौरान अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 अक्टूबर को पुराना खेड़ी रोड पर स्थित एक गोदाम पर रेड कर 7,270 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने गोदाम संचालक हेमंत वधवा निवासी सैयदवाड़ा, ओल्ड फरीदाबाद को काबू किया है। वह पटाखों के भंडारण एवं बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस और परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना बीपीटीपी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार अवैध रूप से पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए संदिग्ध स्थानों पर औचक निरीक्षण करने के निर्देशों के तहत अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने सूचना एवं जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुराना खेड़ी रोड पर स्थित एक गोदाम की जांच की।

पुलिस टीम ने गोदाम संचालक हेमंत वधवा की उपस्थिति में गोदाम के कमरों की तलाशी ली गई, जहां पर भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार के पटाखे रखे हुए पाए गए। पुलिस ने संचालक से पटाखों के भंडारण और बिक्री के लिए वैध लाइसेंस एवं परमिट मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

जांच के दौरान गोदाम के दो कमरों में अलग-अलग ब्रांड के पटाखे पेटियों और खुले रूप में रखे मिले। इनमें अनार, फुलझड़ी, सुतली बम, बिजली बम, चकरी, स्काई शॉट, बुलेट बम, मैजिक पेपर शॉट सहित अन्य प्रकार के पटाखे शामिल थे। पुलिस द्वारा बरामद पटाखों का कुल वजन 7,270 किलोग्राम पाया गया। पुलिस टीम ने पूरी बरामदगी को नियमानुसार अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि संचालक ने उक्त गोदाम किराये पर लिया हुआ था। उसके पास पहले पटाखे बेचने का लाइसेंस था, जोकि 2025 में समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद उसने झज्जर और रोहतक क्षेत्र से पटाखे खरीदकर गोदाम में भंडारण किया हुआ था। पुलिस टीम द्वारा अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि पटाखों की खरीद, भंडारण और बिक्री से संबंधित तथ्यों का पता लगाया जा सके।

फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध रूप से पटाखों के भंडारण एवं बिक्री के मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य नियमों का उल्लंघन कर पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इस मामले में थाना बीपीटीपी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!