अनाज मंडी बल्लभगढ़ में युवक पर चाकू व डंडे से हमला करने के मामले में एक नाबालिग सहित दो काबू

वारदात में प्रयुक्त चाकू व डंडा बरामद, अपराध शाखा सेक्टर-65 की कार्रवाई

फरीदाबाद : थाना आदर्श नगर क्षेत्र की अनाज मंडी में एक युवक पर धारदार हथियारों से हमला करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित दो को काबू किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयोग किया गया चाकू व डंडा भी बरामद किया है। आरोपी विशाल को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि अपचारी बालक को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार भूपेंद्र निवासी आदर्श नगर, बल्लभगढ़ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 7 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे वह दिल्ली-मथुरा रोड से अनाज मंडी बल्लभगढ़ होते हुए अपने घर जा रहा था। इसी दौरान उसे अनाज मंडी में आशीष नाम का एक युवक खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। युवक के कूल्हे, छाती व माथे पर धारदार हथियार से चोटों के निशान थे। शिकायतकर्ता ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। शिकायत के आधार पर थाना आदर्श नगर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों नशा करने के आदी हैं। घटना की रात उन्होंने अनाज मंडी में एक युवक को सोते हुए देखा। इसके बाद अपचारी बालक ने युवक की जेब से पैसे निकालने का प्रयास किया, जिस पर युवक के साथ उसका विवाद और मारपीट हो गई। अपचारी बालक ने अपने साथी विशाल को बुलाकर लाया। नाबालिग ने युवक पर डंडे से हमला किया, जबकि विशाल ने चाकू से वार किए, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

आरोपी विशाल को माननीय अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को नियमानुसार अभिरक्षा में लेकर बाल सुधार गृह भेजा गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!