वाहन चोरों पर फरीदाबाद पुलिस का शिकंजा, 3 आरोपित गिरफ्तार, चोरी की 6 मोटरसाइकिल बरामद

अपराध शाखा AVTS-2, DLF व ऊंचा गांव की टीमों ने अलग-अलग मामलों में की कार्रवाई

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने तथा चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपितों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपराध शाखाओं की अलग-अलग टीमों ने वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए 3 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीमों ने आरोपितों के कब्जे व निशानदेही पर चोरी की कुल 6 मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अपराध शाखा AVTS-2 की टीम ने थाना ओल्ड फरीदाबाद में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले में आरोपित मुरारी निवासी राजेग्राम, मधुबनी, बिहार, हाल निवासी मवई, फरीदाबाद को पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपित की निशानदेही पर भूपानी क्षेत्र से अलग-अलग मामलों में चोरी की गई 4 मोटरसाइकिल बरामद की गईं।

इसी प्रकार, अपराध शाखा DLF की टीम ने थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र में वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित सोनू निवासी शिव कॉलोनी, फरीदाबाद से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की।

वहीं, अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने थाना शहर बल्लभगढ़ क्षेत्र में वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपित कुलदीप उर्फ गोल्डी निवासी मिठापुर, दिल्ली, हाल निवासी नवीन नगर, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने आरोपित के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की।

इस प्रकार तीनों अपराध शाखाओं की कार्रवाई में कुल 3 आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं तथा चोरी की 6 मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस द्वारा तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!