राष्ट्रीय संग्रहालय के शैक्षिक भ्रमण से विजुअल कम्युनिकेशन के छात्र प्राचीन संस्कृति और कला से हुए रूबरू

फरीदाबाद, 4 नवंबर : जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत बी.एससी. विजुअल कम्युनिकेशन एंड मल्टीमीडिया टेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संग्रहालय का शैक्षिक भ्रमण किया। इस अध्ययन दौरे का मुख्य उद्देश्य छात्रों को ऐतिहासिक कला रूपों और समकालीन दृश्य संचार के बीच के गहरे संबंधों से अवगत कराना था।

छात्रों के इस दल का नेतृत्व सहायक प्रोफेसर अजय यादव और डॉ.गीता मिश्रा ने किया, जिन्होंने संग्रहालय के विभिन्न दीर्घाओं में छात्रों का मार्गदर्शन किया। भ्रमण के दौरान छात्रों ने संग्रहालय की समृद्ध और विविध दीर्घाओं का अवलोकन किया। इनमें सिंधु घाटी सभ्यता के दुर्लभ अवशेष, पुरातात्विक वस्तुएं, प्राचीन मूर्तियां, मिनिएचर पेंटिंग्स, हस्तलिपियां, प्राचीन सिक्के, पारंपरिक वस्त्र और विभिन्न ऐतिहासिक कालखंडों की वस्तुएं शामिल थीं। इन ऐतिहासिक धरोहरों को देखकर छात्रों को प्राचीन जीवन शैली, पारंपरिक शिल्प कौशल, कलात्मक तकनीकों, सांस्कृतिक प्रथाओं और भारतीय कला की विकास यात्रा को नजदीक से समझने का अवसर प्राप्त हुआ।

विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने छात्रों के इस सफल और ज्ञानवर्धक आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विभाग के अध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने कहा कि दृश्य संचार और मल्टीमीडिया के छात्रों के लिए केवल किताबी ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपनी समृद्ध सांस्कृतिक और दृश्य विरासत से रूबरू होना भी उतना ही आवश्यक है। इस तरह के शैक्षिक भ्रमण छात्रों की रचनात्मकता को नई दिशा देते हैं और उन्हें ऐतिहासिक कलाओं को आधुनिक मीडिया और डिजाइनिंग के साथ जोड़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी छात्रों के लिए ऐसे व्यावहारिक और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित करते रहने की बात कही।
यह शैक्षिक दौरा छात्रों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक रहा, जिससे उन्हें अपनी आगामी पढ़ाई और रचनात्मक कार्यों में मदद मिलेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!