नशा करने से रोकने पर युवक व उसके परिजनों पर चाकू से जानलेवा हमला, अपराध शाखा NIT ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

फरीदाबाद : फरीदाबाद के शिव दुर्गा विहार, लक्कड़पुर क्षेत्र में एक खाली प्लॉट में नशा कर रहे युवकों को टोकने पर एक परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया था। जिसमें कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा NIT की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान कपिल निवासी गांव सुरीर, जिला मथुरा, हाल शिव दुर्गा विहार, अंशराज दुबे निवासी गांव भुलिया गंगापुर, जिला सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश, हाल शिव दुर्गा विहार तथा यश उर्फ अंशु निवासी गांव पाकबड़ा, जिला मुरादाबाद उत्तर प्रदेश, हाल शिव दुर्गा विहार, फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार शिकायतकर्ता रामजी शर्मा निवासी शिव दुर्गा विहार ने थाना सूरजकुंड में शिकायत दी कि 31 अक्टूबर/01 नवम्बर की रात उसके मकान के सामने खाली प्लॉट में कुछ युवक नशा कर शोर-शराबा कर रहे थे। उसकी माता तथा इसके द्वारा युवकों को वहां से जाने के लिए कहने पर उन्होंने बदतमीजी की। जिसके बाद वो सभी वहां से चले गये और कुछ देर बाद आरोपी अपने साथियों के साथ दोबारा वहां पहुंचे और गाली-गलौच करने लगे। इसी दौरान आरोपी कपिल ने चाकू निकालकर शिकायतकर्ता पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए उसके नाना मुन्ना शर्मा पर भी चाकू से कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, उन्हें बचाने के प्रयास में शिकायतकर्ता की मां को भी चोट आई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज किया।

पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपित प्लाट में बैठ कर नशा कर रहे थे जब शिकायतकर्ता व उसके परिवारजनों ने उनको वहां से जाने को कहा तो आरोपित आवेश में आकर वहां से चले गये। लेकिन कुछ समय बाद वो अपने अन्य साथी के साथ वापिस आये और शिकायतकर्ता के घर के सामने हगामा करने लगे। जब शिकायतकर्ता और परिवारजन बाहर आये तो उन्होंने उनके साथ मारपीट की और कपिल ने चाकू से उनके ऊपर हमला कर दिया।

आरोपितों को माननीय अदालत में पेश कर कपिल को आगामी पूछताछ के लिए 2 दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है वहीं अन्य दो आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!