गली में सरिया तौलने का कांटा लगाने को लेकर हुआ था विवाद, फायरिंग व मारपीट का आरोप, दो आरोपित काबू
पुलिस चौकी संजय कॉलोनी की कार्रवाई

फरीदाबाद : 24 सितंबर को पुलिस चौकी संजय कॉलोनी क्षेत्र के अंतर्गत गली में सरिया तौलने का कांटा लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद, मारपीट और फायरिंग का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस चौकी संजय कॉलोनी की टीम ने 2 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान मनोज भाटी व उसके बेटे भविष्य के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार विजयपाल सिंह निवासी संजय कॉलोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी गली में सारन रोड पर मनोज भाटी निवासी जवाहर कॉलोनी ने सरिया की दुकान खोली है। मनोज भाटी द्वारा गली के मोड़ पर सरिया तौलने का कांटा लगाया जा रहा था। शिकायतकर्ता सहित स्थानीय निवासियों ने गली में कांटा लगाने का विरोध किया, जिसको लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान मनोज भाटी ने अपने बेटा भविष्य भाटी, कमल तथा 8-10 अन्य युवक मौके पर बुलाया। भविष्य भाटी ने पिस्तौल से फायरिंग की, जबकि अन्य युवक लाठी-डंडे लेकर आए थे। आरोपितों द्वारा शिकायतकर्ता व अन्य लोगों के साथ मारपीट की गई तथा गली में खड़ी गाड़ियों में नुकसान पहुंचाया। शिकायत के आधार पर थाना मुजेसर में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई थी।
पूछताछ में सामने आया कि मनोज भाटी गली में वजन तोलने का कांटा लगा रहा था जिसका विरोध गली में रहने वाले लोगों ने किया। जिसके बाद उनकी आपस में कहासुनी हो गई और मनोज भाटी ने फोन करके अपने बेटे व उसके साथियों को बुला लिया। जहां पर विनोद भाटी के बेटे भविष्य ने फायर कर दिया तथा अन्य लोगों ने गली में खडे स्थानीय निवासियों के साथ मारपीट की। आरोपितों को शनिवार को माननीय न्यायलय में पेश किया जाकर आगामी कार्रवाई की जाएगी।



