एनआईटी फरीदाबाद विधानसभा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा पूरा क्षेत्र

फरीदाबाद। देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत एनआईटी-86 विधानसभा क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने भारत माता के जयकारों एवं देशभक्ति के नारों से पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री चौ. कृष्ण पाल गुर्जर उपस्थित रहे। उनके साथ एनआईटी फरीदाबाद के विधायक चौ. सतीश कुमार फागना, फरीदाबाद महानगर के जिला अध्यक्ष सोहन पाल छोकर, वरिष्ठ भाजपा नेता कविन्द्र चौधरी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यात्रा में पार्षदों, सरपंचों, ब्लॉक समिति सदस्यों तथा एनआईटी फरीदाबाद के भाजपा परिवार ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगे के सम्मान में उमड़े कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ देश की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दिया।
केंद्रीय राज्य मंत्री चौ. कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगे में देश के करोड़ों नागरिकों की भावनाएं, त्याग, संघर्ष और गौरव समाहित है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा ने यह संदेश दिया है कि राष्ट्र सर्वोपरि है और देशहित से बढ़कर कुछ नहीं। हमें अपने महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के बलिदान को सदैव याद रखते हुए राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।

एनआईटी विधायक चौ. सतीश कुमार फागना ने कहा कि तिरंगा यात्रा हमारे अंदर देश के प्रति सम्मान, समर्पण और गौरव की भावना को और मजबूत करती है। एनआईटी विधानसभा के लोगों ने जिस उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा में भाग लिया, वह क्षेत्र की राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी पहचान, हमारी आन और हमारे गौरव का प्रतीक है। हम सभी को जाति, क्षेत्र और राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा एनआईटी विधानसभा क्षेत्र भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा। यात्रा ने क्षेत्रवासियों में राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना को और प्रबल किया। उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।



