टेलीग्राम टास्क के नाम पर 6.54 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में खाता ऑपरेट करने वाला आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद : साइबर अपराधियों द्वारा ऑनलाइन टास्क के माध्यम से मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर एक व्यक्ति से 6,54,800 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ की टीम ने खाता ऑपरेट करने वाले एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान सौरभ गुप्ता वासी देहरादून, उत्तराखंड के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि भीकम कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी ने थाना साइबर क्राइम बल्लभगढ़ में दी शिकायत में बताया कि 30 सितंबर 2026 को उनके व्हाट्सऐप नंबर पर एक संदेश के माध्यम से संपर्क किया गया। संपर्क करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को Myntra की ओर से बताया और कुछ उत्पादों को लाइक करके उनके स्क्रीनशॉट भेजने के लिए कहा। इसके बाद उन्हें टेलीग्राम आईडी @MeenakshiAgarwal1321 पर संपर्क करने के लिए कहा गया, जहां ऑनलाइन टास्क के माध्यम से अच्छा मुनाफा कमाने का लालच दिया। शुरुआती टास्क पूरे करने पर आरोपियों ने उनके पंजाब नेशनल बैंक खाते में 160 रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद अलग-अलग टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया और विभिन्न ऑनलाइन टास्क दिए जाने लगे जिसके लिए उसने ठगों के बताये गये खाता में 6,54,800 रुपये ट्रांसफर कर दिये। जब उसने पैसे वापिस देने की मांग की तो उन्होंने उसके कॉल व मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित को खाताधारक उपमेव का खाता व खाता का किट अन्य सोर्स के माध्यम से प्राप्त हुआ था। जिसक खाता में ठगी के 19,800/-रू आये थे। खाता में प्राप्त पैसों को एटीएम के माध्यम से निकलवाकर, पैसों को USDT में कन्वर्ट करवाकर आगे भेज दिया था। माननीय अदालत में पेश आरोपित को आगामी पूछताछ के लिए 5 दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है।



