जनस्नेह के बीच जन्मदिवस पर विपुल गोयल ने दिया हरित और विकसित फरीदाबाद का संकल्प

हवन-पूजन, भोजन-प्रसाद वितरण और जरूरतमंदों को राहत सामग्री देकर मनाया जन्मदिवस

Faridabad : कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के जन्मदिवस के पावन अवसर पर सेक्टर 12 स्थित सेंट्रल पार्क लॉन एवं बैंक्वेट हॉल में भव्य और गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधि विधान के साथ हवन पूजन संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र की सुख समृद्धि और लोककल्याण की कामना की गई। इसके पश्चात भोजन प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर मंत्री जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस विशेष अवसर पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने स्कूल की बच्चियों के साथ केक काटकर अपना जन्मदिवस मनाया। इस दौरान बच्चियों के साथ आत्मीय संवाद भी किया गया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि उन्होंने हवन पूजन के माध्यम से ईश्वर से प्रार्थना की है कि फरीदाबाद और हरियाणा निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ें और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने कहा कि जनस्नेह और जनविश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और यही उन्हें लगातार जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि हजारों लोग पौधारोपण कर रहे हैं और सेवा कार्यों में भाग ले रहे हैं। कई लोग पौधा लगाकर यह संकल्प भी ले रहे हैं कि वे 3 साल तक उसका लालन पालन भी करेंगे। उन्होंने इस सराहनीय पहल के लिए सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया।

उन्होंने आगे पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए कहा कि आज के समय में एनसीआर क्षेत्र में पर्यावरण को सुरक्षित रखना बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में लोगों की भागीदारी से किए गए पौधारोपण के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और फरीदाबाद के वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार दर्ज किया गया है।

मंत्री जी ने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने जीवन के हर शुभ अवसर पर पौधारोपण जरूर करें और उसके संरक्षण का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना ही नहीं बल्कि उसका सही तरीके से पालन करना भी जरूरी है ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

उन्होंने हरियाणा सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा फरीदाबाद के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से फरीदाबाद विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

जन्मदिवस के इस अवसर पर सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे जरूरतमंद लोगों के बीच भारी मात्रा में उपयोगी वस्तुओं का वितरण भी किया गया। इस दौरान गर्मी से बचाव के लिए छतरियां और पानी की बोतलें दी गईं। साथ ही आने वाले बारिश के मौसम को देखते हुए रेनकोट, जैकेट और साथ में जूट के बैग भी वितरित किए गए।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि वे फरीदाबाद की जनता के प्रेम और विश्वास के लिए आभारी हैं और अपने जीवन के अंतिम क्षण तक जनसेवा के लिए समर्पित रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता का यह स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है जो उन्हें लगातार काम करने की प्रेरणा देता है।

अंत में उन्होंने सभी उपस्थित लोगों और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके प्रेम और शुभकामनाओं ने इस दिन को यादगार बना दिया। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि सभी स्वस्थ रहें और मिलकर एक विकसित, स्वच्छ और हरित फरीदाबाद का निर्माण करें।

इस अवसर पर समर्थकों का तांता लगा रहा और सभी ने उत्साह के साथ कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के जन्मदिवस समारोह में भाग लेकर इस दिन को यादगार बना दिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!