सेक्टर-16 से फॉर्च्यूनर चोरी के मामले में एक और आरोपित गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद
चोरीशुदा फॉर्च्यूनर गाड़ी से थाना छायंसा क्षेत्र में एटीएम चोरी की वारदात को दिया गया था अंजाम

फरीदाबाद : थाना सेक्टर-17 क्षेत्र से फॉर्च्यूनर गाड़ी चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा सिकरोना की टीम ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर 16 के रहने वाले एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-17 में शिकायत दी थी कि 11/12 अगस्त की रात उसकी फॉर्च्यूनर गाड़ी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर मामले की जांच अपराध शाखा सिकरोना को सौंपी गई थी।
उन्होंने आगे बताया कि पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 सितम्बर को असलम निवासी गांव बावला, जिला नूंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित टैक्सी चलाने का काम करता है और अपने तीन अन्य साथियों के साथ योजनाबद्ध तरीके से फॉर्च्यूनर चोरी की वारदात को अंजाम देने आया था। इसके बाद आरोपित के साथियों ने 13/14 अगस्त की रात थाना छायंसा क्षेत्र में उसी फॉर्च्यूनर की मदद से एटीएम उखाड़ने की वारदात को भी अंजाम दिया था।
आरोपित को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



