बीसीए छात्रा पर घर में घुसकर ब्लेड से हमला करने की शिकायत जांच में निकली मनगढ़ंत !

फरीदाबाद : थाना खेड़ीपुल क्षेत्र में 5 अक्टूबर को बीसीए की छात्रा द्वारा घर में घुसकर अज्ञात युवक द्वारा ब्लेड से हमला किए जाने की दी गई शिकायत के संबंध में थाना खेड़ीपुल पुलिस द्वारा गहनता से जांच की गई। जांच के दौरान सामने आया कि छात्रा द्वारा बताई गई घटना वास्तविक नहीं थी, बल्कि उसने स्वयं को मामूली चोट पहुंचाकर अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमला किए जाने की मनगढ़ंत कहानी तैयार की थी।
छात्रा ने आरोप लगाया था कि घटना के समय वह घर पर अकेली पढ़ाई कर रही थी। तभी एक अज्ञात युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर घर में घुसा और उस पर ब्लेड से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। शिकायत मिलने के बाद थाना खेड़ीपुल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ उपलब्ध तथ्यों, परिस्थितियों एवं छात्रा द्वारा बताए गए घटनाक्रम की बारीकी से जांच की गई।
जांच के दौरान पुलिस को छात्रा द्वारा बताए गए घटनाक्रम में कई तथ्य संदिग्ध पाए गए। घटना से संबंधित परिस्थितियों का गहनता से सत्यापन किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर में घुसकर छात्रा पर हमला किए जाने की घटना की पुष्टि नहीं हुई।
छात्रा ने घर की आर्थिक स्थिति, बीसीए की कोचिंग तथा अपनी आवश्यकता के अनुरूप पार्ट टाइम जॉब नहीं मिलने के कारण परिवार पर दबाव बनाने के उद्देश्य से यह कहानी तैयार की थी।
छात्रा ने स्वयं को मामूली चोट पहुंचाई और फिर चोटों को अज्ञात व्यक्ति द्वारा ब्लेड से किए गए हमले के रूप में प्रस्तुत किया और परिवार को यह विश्वास दिलाने का प्रयास किया गया कि कोई अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर उस पर हमला करके चला गया है।
शिकायत प्राप्त होने के बाद थाना खेड़ीपुल पुलिस ने मामले को केवल शिकायत के आधार पर आगे बढ़ाने के बजाय घटनाक्रम की गहनता से जांच की। पुलिस द्वारा घटनास्थल एवं शिकायत में बताए गए तथ्यों का आपसी मिलान किया गया तथा परिस्थितिजन्य तथ्यों का सत्यापन किया गया। जांच के दौरान छात्रा द्वारा बताए गए घटनाक्रम और वास्तविक परिस्थितियों में विरोधाभास सामने आया।
गहन पूछताछ एवं जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि घर में घुसकर किसी अज्ञात युवक द्वारा ब्लेड से हमला किए जाने की बात सही नहीं थी। छात्रा द्वारा स्वयं को मामूली चोट पहुंचाकर घटना को दूसरा रूप दिया गया था।
थाना खेड़ीपुल पुलिस की जांच में किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा घर में प्रवेश कर छात्रा पर हमला किए जाने का कोई तथ्य सामने नहीं आया।



