वोट चोरी के आरोपों पर भड़के कांग्रेसी, चुनाव आयोग का पुतला फूंका

फरीदाबाद : हरियाणा में कथित वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस ने आज फरीदाबाद में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बुधवार को जहां कांग्रेसियों ने नीलम चौक से बीके चौक तक कैंडल मार्च निकालकर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था, वहीं बृहस्पतिवार को नाराज कांग्रेसियों ने बीके चौक पर चुनाव आयोग का पुतला फूंककर कड़ा विरोध जताया।
यह विरोध प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी फरीदाबाद के अध्यक्ष बलजीत कौशिक की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बलजीत कौशिक ने कहा कि हरियाणा में जनता ने कांग्रेस की सरकार बनाई थी, लेकिन भाजपा ने वोट चोरी और साजिश के बल पर सत्ता हथिया ली। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सांसद राहुल गांधी द्वारा हरियाणा चुनावों में हुई वोट चोरी का खुलासा करने के बाद अब सच्चाई सामने आ चुकी है, परंतु चुनाव आयोग अब तक चुप है।

बलजीत कौशिक ने कहा कि ‘जब देश का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संस्थान जनता के विश्वास से समझौता करता है, तो यह लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है।Ó उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग को इस मामले पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं दिया गया है। इसी चुप्पी के विरोध में आज कांग्रेसियों ने चुनाव आयोग का पुतला फूंका।
पूर्व पार्षद व प्रदेश प्रवञ्चता योगेश ढ़ीगरा ने कहा कि भाजपा ने सिर्फ हरियाणा में ही नहीं, बल्कि बिहार चुनावों में भी वोट चोरी की। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही घर में 150 से अधिक फर्जी वोट बनाए गए, जो लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने लोकतंत्र की मर्यादाओं को तोड़ा है और जनता आने वाले चुनावों में इसका जवाब देगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि अब जनता पूरी सच्चाई जान चुकी है और अगली सरकार कांग्रेस की ही बनेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर भाजपा को हराने के लिए हर मोर्चे पर तैयार है।
इस अवसर पर एस.एल. शर्मा, अशोक रावल, मनोज अग्रवाल, विनोद कौशिक, डॉ. पराग गौतम, चुन्नू राजपूत, रियाज खान, गौरव ढ़ीगरा, अनिल शर्मा, सुमित भाटिया, इकबाल कुरैशी, उमेश कौशिक, चंचल तंवर, विकास फागना, नसीमा शेख, योगेश तंवर, जुबैर खान, देव वशिष्ठ, प्रवीन शर्मा, प्रताप शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक हरियाणा और बिहार में हुई कथित वोट चोरी की जांच नहीं होती और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।



