फोन हैक कर 1.95 लाख रुपये की साइबर ठगी, आरोपी खाताधारक गिरफ्तार
साइबर थाना NIT की टीम ने जम्मू से किया गिरफ्तार, खाते में आए थे ठगी के 97 हजार रुपये

फरीदाबाद : साइबर अपराधियों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। साइबर थाना NIT की टीम ने सेक्टर-21C निवासी व्यक्ति के मोबाइल फोन को हैक कर उसके बैंक खाते से 1 लाख 95 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम अपने बैंक खाते में प्राप्त करने वाले एक आरोपी को 24 अगस्त को जम्मू से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित (28) निवासी जम्मू के रूप में हुई है। आरोपी के बैंक खाते में साइबर ठगी की 97 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर हुई थी। जिसको माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-21C, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी थी कि किसी नाम-पता नामालूम व्यक्ति द्वारा उसके मोबाइल फोन को हैक कर उसके बैंक खाते से 1,95,000 रुपये निकाल लिये हैं।
उन्होंने आगे बताया कि शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज किया गया और जांच के दौरान पुलिस टीम ने ठगी की रकम के लेन-देन की कड़ियों को जोड़ते हुए उस बैंक खाते की पहचान की, जिसमें ठगी की रकम का एक हिस्सा ट्रांसफर हुआ था।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी रोहित मामले में खाताधारक है और उसके बैंक खाते में साइबर ठगी के 97 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस टीम ने बैंकिंग ट्रांजेक्शन एवं अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। रोहित 12वीं पास है और जम्मू में लोन रिकवरी का काम करता है।
फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की जांच के दौरान उन बैंक खातों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को प्राप्त करने एवं आगे ट्रांसफर करने के लिए किया जाता है। पुलिस द्वारा साइबर ठगी की रकम के ट्रांजेक्शन की कड़ियों को जोड़कर आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी एवं बैंकिंग साक्ष्यों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
फरीदाबाद पुलिस की आमजन से अपील है कि अपने मोबाइल फोन, बैंक खाते, एटीएम/डेबिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग एवं यूपीआई की जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। मोबाइल फोन में किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, एप्लीकेशन या फाइल को डाउनलोड करने से बचें। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी की रकम को समय रहते फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा सके।



