शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 1.08 करोड़ रुपये की साइबर ठगी, आरोपी खाताधारक गिरफ्तार

साइबर थाना NIT की कार्रवाई, ठगी के 15 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में आए

  • मामले में अब तक 4 आरोपी गिरफ्तार, ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाता है आरोपी आयुष

फरीदाबाद : शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 1 करोड़ 8 लाख 10 हजार रुपये की ठगी के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने खाताधारक आयुष निवासी फतेहपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते में ठगी के 15 लाख रुपये आए थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में अब तक आरोपी आयुष सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-21 निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी कि उसके व्हाट्सएप पर एक संदेश आया। संदेश भेजने वाले ने स्वयं को SBI Securities का कर्मचारी बताया। इसके बाद शिकायतकर्ता को एक लिंक भेजकर कथित तौर पर SBI Securities का एडवांस ब्रोकर अकाउंट खुलवाया गया और उसे व्हाट्सएप ग्रुप J5-SBI Securities Group में जोड़ दिया गया।

शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग बैंक खातों में सितंबर 2025 से नवंबर 2025 के बीच कुल 1,08,10,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में उसे न तो निवेश की गई राशि वापस मिली और न ही मुनाफा। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आयुष खाताधारक है। उसने अपना बैंक खाता टेलीग्राम के माध्यम से साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था। आरोपी के खाते में ठगी की रकम में से 15 लाख रुपये आए थे। आरोपी ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाता है।

पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि ठगी की रकम के लेन-देन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके। मामले में अब तक कुल 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!