शेयर मार्केट में अधिक मुनाफे का झांसा देकर ₹9.66 लाख की साइबर ठगी, ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध करवाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद : साइबर थाना NIT की टीम ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ₹9.66 लाख की साइबर ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों मोहम्मद इरशाद निवासी बरबार माजरा, मुरादाबाद तथा मोहम्मद बिलाल निवासी लाजपत नगर, काठघर, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। मामले में प्रिंस व सोमपाल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ग्रीन फील्ड कॉलोनी, सेक्टर-43, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी थी कि 8 अक्टूबर 2025 को उसे एक विदेशी नंबर से WhatsApp कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने खुद को Mew Wealth Private Limited का सहायक बताते हुए शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता से अक्टूबर 2025 के दौरान अलग-अलग UPI आईडी और बैंक खातों में कुल 9,66,000 रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने प्रिंस के माध्यम से सोमपाल के पिता का बैंक खाता प्राप्त कर आगे ठगी करने वालों को उपलब्ध करवाया था। उक्त खाते का एक्सेस सोमपाल के पास था तथा उसमें उसकी ई-मेल आईडी दर्ज थी। इस बैंक खाते में साइबर ठगी के 2 लाख रुपये प्राप्त हुए थे। आरोपियों ने प्रिंस और सोमपाल को हल्द्वानी में अपने पास ठहराया था, जब तक उनके बैंक खाता का इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए किया गया। मामले में दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!