ऑनलाइन इंवेस्टमेंट के नाम पर 2.44 करोड़ रुपये की साइबर ठगी, खाताधारक सहित 3 आरोपी गिरफ्तार

साइबर थाना NIT की कार्रवाई, मामले में अब तक 8 आरोपित गिरफ्तार

फरीदाबाद : ऑनलाइन इंवेस्टमेंट के नाम पर 2 करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना NIT टीम ने तीन और आरोपितो को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान हर्ष(25), राहुल(30) व सर्वेश(20) वासी दिल्ली के रुप में हुई है। इस मामले में पुलिस अब तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-21, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी कि 18 मई 2026 को उसने गूगल पर QORA.COM से संबंधित ऑनलाइन इंवेस्टमेंट का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उसके व्हाट्सऐप पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले व्यक्ति ने स्वयं को उक्त प्लेटफॉर्म का कर्मचारी बताकर निवेश संबंधी जानकारी दी। इसके बाद कथित कर्मचारी ने शिकायतकर्ता के साथ जूम मीटिंग की और ऑनलाइन निवेश में अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया। ठगों ने निवेश के लिए शिकायतकर्ता का एक अकाउंट भी खुलवाया। उनके झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने 18 मई से 8 जुलाई 2026 के बीच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 2,44,25,000 रुपये निवेश कर दिए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित हर्ष खाताधारक है, जिसने अपना खाता राहुल को दिया था वहीं सर्वेश ने आरोपित भीम का खाता आगे ठगो को दिया था। भीम को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। हर्ष के खाता में ठगी के 2,50,000 रुपये आये थे। तीनों को माननीय न्यायलय में पेश कर राहुल व सर्वेश को जेल व हर्ष को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!