लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को फरीदाबाद पुलिस ने डीग राजस्थान से किया गिरफ्तार
आरोपी के खिलाफ फरीदाबाद सहित गुरुग्राम में दर्ज हैं कई मामले

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा वांछित आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सदर बल्लभगढ़ की पुलिस टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी तालीम पुत्र नवाबदीन निवासी गांव सहसन, थाना जुरहरा, जिला डीग, राजस्थान को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपी को जिला डीग, राजस्थान से काबू किया है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार आरोपी तालीम के खिलाफ थाना सदर बल्लभगढ़ में वर्ष 2019 में 411 IPC के अंतर्गत मामला दर्ज हुआ था। उक्त मामले में आरोपी अदालत में पेश नहीं हुआ और लगातार फरार चल रहा था। अदालत द्वारा आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे उद्घोषित व्यक्ति घोषित किया गया था।
मामले की जांच के दौरान थाना सदर बल्लभगढ़ की पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए। पुलिस टीम ने उपलब्ध जानकारी एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पता लगाकर उसे जिला डीग, राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी तालीम के खिलाफ फरीदाबाद तथा गुरुग्राम के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 12 मामले दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से इन मामलों में पुलिस से बचता हुआ फरार चल रहा था।



