फरीदाबाद पुलिस का अवैध हथियार रखने वालों पर प्रहार, 4 आरोपी गिरफ्तार, 4 देसी कट्टे बरामद

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच की विभिन्न शाखाओं ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 देसी कट्टे बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 24 फरवरी को क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवम कुमार निवासी धीरज नगर को बाईपास रोड, सेक्टर-37 से एक देसी कट्टा सहित गिरफ्तार किया। इसी प्रकार अपराध शाखा DLF की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ताबीर निवासी सूरदास कॉलोनी को जगमाल एन्क्लेव, रोशन नगर से एक देसी कट्टा सहित गिरफ्तार किया।
वहीं क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने आरोपी प्रिंस कुमार उर्फ डेविड निवासी गाँव चाँदपरसा हाल SGM नगर को श्मशान घाट सेक्टर-21D के पास से एक देसी कट्टा सहित तथा आरोपी जोनी निवासी गाँव छांयसा, फरीदाबाद को मच्छगर गांव के पास से एक देसी कट्टा सहित गिरफ्तार किया।
आरोपियों के विरुद्ध संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



