पिस्टल की नोक पर बंधक बनाकर 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये की डकैती के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
4 दिन पुलिस रिमांड पर लेकर की जा रही है पूछताछ

शिकायतकर्ता: अब्दुल कदीम वासी जोहड़ कॉलोनी, फतेहपुर तगा
गिरफ्तार आरोपी:
1.साहुन खान (38) वासी गांव फतेहपुर तगा थाना धौज फरीदाबाद (9वीं पास)
2.हैदर अली (28) उर्फ इमामुद्दीन वासी गांव मठेपुर, जिला अमरोहा, उत्तर प्रदेश (6 कक्षा पास)
3.मोहम्मद आरिफ (32) वासी गांव डिडौली जिला अमरोहा, उत्तर प्रदेश (अनपढ)
4.मोसीब आलम (30) वासी गांव फतेहपुर माफी, जिला अमरोहा, उत्तर प्रदेश (5वीं पास)
गिरफ्तारी स्थल-साहुन- फरीदाबाद
हैदर अली, मोहम्मद आरिफ व मोसीब आलम- समथला, मुरादाबाद, उ.प्र.
फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने थाना धौज क्षेत्र के गांव फतेहपुर तगा की जोहड़ कॉलोनी में पिस्टल की नोक पर बंधक बनाकर 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये की नकदी डकैती के मामले में सफलता हासिल करते हुए 4 आरोपित साहुन खान वासी गांव फतेहपुर तगा, हैदर अली उर्फ इमामुद्दीन वासी गांव मढ़ेपुर, मोहम्मद आरिफ वासी गांव डिडौली व मोसीब आलम वासी गांव फतेहपुर माफी, जिला अमरोहा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।
वरुण कुमार दहिया सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी साहुन निवासी गांव फतेहपुर तगा को जानकारी थी कि शिकायतकर्ता अब्दुल कदीम ने अपनी जमीन बेची है और जमीन बेचने से प्राप्त नकदी उसके घर पर रखी हुई है। साहुन ने अपने जानकार लियाकत से संपर्क कर उसे शिकायतकर्ता के घर पर भारी मात्रा में नकदी होने की जानकारी दी तथा डकैती की वारदात को अंजाम देने के लिए कहा। लियाकत पहले भी डकैती जैसी वारदातों को अंजाम दे चुका है। जिसके बाद लियाकत ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक टीम बनाई और वारदात करने का प्लान बनाया। लियाकत के कहने पर सात व्यक्ति निजाम, तयुब, रिहान, सलिम, हैदर अली, आरिफ, मोसीब अर्टिगा गाडी से फतेहपुर तगा पहुंचे। साहुन ने दो व्यक्ति को मोटरसाईकिल पर बैठा कर शिकायकर्ता के घर की रैकी करवाई और घर में आने जाने के सभी रास्तों की जानकारी दी। फिर 25/26 सितंबर 2026 की रात को करीब 2 बजे सभी आरोपित शिकायतकर्त के घर के बाहर पहुंचे जिनमें से पांच लोग घर के अंदर घुसे और दो गाडी को लेकर साईड में चले गये और उन पांच लोगों ने घर में घुस कर शिकायतकर्ता को बंधक बनाया और घर में रखे 1,04,80,000/-रू लूट ले गये।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता अब्दुल कदीम वासी जोहड़ कॉलोनी, फतेहपुर तगा की शिकायत पर थाना धौज में 26 सितंबर को मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता अनुसार 25 सितंबर 2026 को अपने पुराने मकान से नए मकान में सामान शिफ्ट किया था। रात करीब 2:10 बजे 4-5 युवक उसके मकान में घुस आए, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। इनमें से एक आरोपी ने उसकी कनपटी पर पिस्टल लगा दी और कमरे की चाबी मांगी। आरोपियों ने उसके हाथ पीछे की ओर बांध दिए। मुंह और पैर भी बांध दिए। इसके बाद लोहे की रॉड से कमरे और संदूक का ताला तोड़कर कुल 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये की नकदी लूट कर ले गये।



