एनपीटीआई में प्रशिक्षण लेने पहुंचे पांच राज्यों के इंडीग्रिड के ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी
एनपीटीआई में IndiGrid के GETs के लिए दो-सप्ताह के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

फरीदाबाद : गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र और राजस्थान जैसे राज्यों से आए इंडीग्रिड के ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी (GETs) के लिए राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण प्रतिष्ठान (एनपीटीआई), कॉर्पोरेट कार्यालय, सेक्टर-33, फरीदाबाद में दो-सप्ताह के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 10 अगस्त से 21 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को पावर सेक्टर के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की व्यापक जानकारी एवं व्यावहारिक समझ प्रदान करना है। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम हेमंत जैन, महानिदेशक, एनपीटीआई एवं सदस्य (ग्रिड ऑपरेशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन), केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में डॉ. इंदु माहेश्वरी, प्रिंसिपल डायरेक्टर (प्रशिक्षण), मोहित माथुर, एजीएम, IndiGrid, डॉ. वत्सला शर्मा, निदेशक (प्रशिक्षण), डॉ. महेंद्र सिंह, उप निदेशक एवं डा. रत्नेश्वर कृष्णम, सहायक निदेशक सहित संकाय सदस्य एवं एनपीटीआई के अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य संबोधन में मोहित माथुर ने पावर सेक्टर में कार्य करने वाले युवा इंजीनियरों के लिए तकनीकी ज्ञान एवं व्यावसायिक दक्षताओं के महत्व पर प्रकाश डाला।
डॉ. वत्सला शर्मा ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए निरंतर सीखने एवं व्यावसायिक विकास के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
डॉ. इंदु माहेश्वरी ने अपने उद्घाटन संबोधन में प्रतिभागियों को एनपीटीआई द्वारा प्रदान किए जा रहे प्रशिक्षण अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य युवा इंजीनियरों की तकनीकी क्षमताओं को सुदृढ़ करना तथा उन्हें पावर सेक्टर में अपने व्यावसायिक करियर के लिए आवश्यक व्यावहारिक एवं उद्योग-उन्मुख ज्ञान प्रदान करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वय डॉ. महेंद्र सिंह, उप निदेशक, एनपीटीआई द्वारा किया जा रहा है।



