जानलेवा हमला करने के मामले में ₹5,000 का इनामी गिरफ्तार, अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने राजस्थान से किया काबू

फरीदाबाद : वर्ष 2024 में थाना भूपानी क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के एक हत्या के प्रयास के मामले में अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने ₹5,000 के इनामी आरोपित गणेश निवासी गांव खंडेला, सीकर, राजस्थान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार शिकायतकर्ता गिरधारी लाल निवासी गांव खंडेला, सीकर, राजस्थान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा शीशराम गांव भूपानी, फरीदाबाद क्षेत्र में टाइल-पत्थर लगाने का काम करता था। 27 मार्च 2024 को शीशराम अपने साथी गणेश के साथ काम करने के लिए भूपानी आया था। 30 मार्च 2024 की रात आरोपी गणेश ने शीशराम के साथ मारपीट कर उसके सिर पर गंभीर चोटें पहुंचाईं और उसे कमरे में घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया। शिकायत पर थाना भूपानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई।
उन्होंने आगे बताया कि मामले की गंभीरता के मद्देनजर पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹5,000 का इनाम भी घोषित किया गया था। अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने तकनीकी सहायता व गुप्त सूत्रों की सूचना पर 27 अगस्त 2026 को आरोपी गणेश को उसके गांव खंडेला, सीकर, राजस्थान से गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गणेश पीड़ित शीशराम के साथ टाइल-पत्थर का काम करने के लिए भूपानी आया था। 30 मार्च 2024 को किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद आरोपी ने शीशराम के सिर पर पत्थर से वार कर दिया। आरोपी, शीशराम को मृत समझकर मौके से फरार हो गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपने आसपास के क्षेत्र में छिपकर रह रहा था।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



