महिला को बातों में उलझाकर उतरवाए आभूषण, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने आरोपी को दबोचा, सोने की चेन, अंगूठी और दो कुंडल बरामद

फरीदाबाद, 17 अगस्त। सेक्टर-34 में महिला को बहला-फुसलाकर उसके पहने हुए सोने के आभूषण उतरवाकर फरार होने के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने सागर (22) निवासी जे.जे. कॉलोनी, दिल्ली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिला से ठगे गए सोने की चेन, अंगूठी और दो कुंडल बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शिव कॉलोनी, पल्ला निवासी एक महिला ने थाना सराय ख्वाजा में शिकायत दी थी कि वह 9 जुलाई 2026 की शाम करीब पांच बजे अपने घर से सराय की ओर जा रही थी। जब वह सेक्टर-34 के पास पहुंची तो 3 लड़कों ने उसे अपनी बातों में उलझा लिया। आरोप है कि तीनों ने महिला को बहला-फुसलाकर उसके गले में पहनी सोने की चेन, अंगूठी और दोनों कानों के कुंडल उतरवा लिए तथा आभूषण लेकर मौके से फरार हो गए।
महिला की शिकायत पर थाना सराय ख्वाजा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव को सौंपी गई। टीम ने तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से जांच करते हुए मामले में शामिल आरोपी सागर को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर 9 जुलाई को महिला को अपनी बातों में फंसाकर आभूषण उतरवाए थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर महिला से हड़पे गए सोने की चेन, अंगूठी और दो कुंडल बरामद कर लिए हैं। अन्य दोनों साथियों की भूमिका की जांच की जा रही है तथा उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सागर के खिलाफ इससे पहले गुजरात में भी इसी प्रकार का एक मामला दर्ज है। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
आरोपी को 11 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। उसे अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



