साइबर थाना बल्लभगढ़ की साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन मामलों में पांच आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद, 24 अगस्त : फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामलों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान साइबर ठगी की रकम के लेन-देन, बैंक खातों के इस्तेमाल तथा ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाया। एक मामले में जापान का वीजा दिलाने का झांसा देकर ठगी की गई, दूसरे मामले में 20 लाख रुपये का लोन दिलाने के नाम पर विभिन्न चार्ज के बहाने रकम ऐंठी गई, जबकि तीसरे मामले में डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लेने के लिए ऑनलाइन नंबर सर्च करने वाले व्यक्ति को APK फाइल भेजकर बैंक खाते से रकम निकाल ली गई।

जापान का वीजा दिलाने का झांसा देकर 2.19 लाख रुपये ठगे

जापान जाने का वीजा दिलाने का झांसा देकर 2,19,000 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने हरप्रीत सिंह निवासी गांव मैना झुण्डी, जिला ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हरप्रीत सिंह जापान में नौकरी करता था। इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी बातचीत शिकायतकर्ता महिला से शुरू हुई। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने महिला को जापान का वीजा लगवाने का झांसा दिया और वीजा दिलाने के नाम पर उससे 2,19,000 रुपये अपने परिचितों के बैंक खातों में जमा करवा लिये।

आरोपी जून माह में जापान से वापस भारत आया था। जिसको गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे मामले में आगामी पूछताछ के लिए 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

20 लाख रुपये का लोन दिलाने के नाम पर 1.22 लाख रुपये की ठगी

दूसरे मामले में 20 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर विभिन्न चार्ज के नाम पर 1,22,000 रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने हर्ष निवासी महावीर नगर, ग्वालियर, मध्य प्रदेश तथा रोहित परिहार निवासी विनय नगर, ग्वालियर, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि साइबर ठगों ने शिकायतकर्ता को 20 लाख रुपये का लोन दिलाने का लालच दिया। इसके बाद लोन प्रक्रिया, अन्य चार्ज तथा संबंधित खर्चों के नाम पर अलग-अलग तरीके से शिकायतकर्ता से 1,22,000 रुपये की रकम ठग ली गई।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी रोहित परिहार ने हर्ष का बैंक खाता लेकर उसे साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था। हर्ष के बैंक खाते में साइबर ठगी की रकम में से 97,000 रुपये प्राप्त हुए थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेशानुसार हर्ष को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि आरोपी रोहित परिहार को आगामी पूछताछ के लिए चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

डॉक्टर का नंबर सर्च करने पर APK फाइल भेजकर 91,998 रुपये की ठगी

तीसरे मामले में डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लेने के लिए ऑनलाइन नंबर सर्च करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने अपॉइंटमेंट दिलाने के नाम पर शिकायतकर्ता के मोबाइल पर APK फाइल भेजकर बैंक खाते से 91,998 रुपये निकाल लिये।

इस मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने मासूम निवासी राना माजरा, जिला पानीपत तथा सोहिल निवासी गांव नवादा, पानीपत, हरियाणा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी आसपास के गांवों के रहने वाले हैं और काफी समय से एक-दूसरे को जानते हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सोहिल ने मासूम का बैंक खाता लेकर उसे साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था। इस खाते में साइबर ठगी की रकम में से 49,000 रुपये प्राप्त हुए थे।

इसके बाद आरोपी मासूम ने बैंक खाते में प्राप्त साइबर ठगी की रकम को USDT के माध्यम से आगे साइबर ठगों तक पहुंचाया। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें आगामी पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!