चौथे वीकेंड अभियान में फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 166 आरोपी गिरफ्तार
72 उद्घोषित अपराधी व जमानत तर्क काबू, 39 गुमशुदा तलाश कर परिजनों से मिलाए

- 1.312 किलोग्राम गांजा, 11 देसी कट्टे, 2 कारतूस, 412.5 बोतल अवैध देसी शराब व जुआ राशि ₹25,330 बरामद
फरीदाबाद : पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से फरीदाबाद पुलिस द्वारा प्रत्येक सप्ताहांत चलाया जा रहा विशेष वीकेंड अभियान लगातार सफल साबित हो रहा है। इसी कड़ी में 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक चलाए गए चौथे वीकेंड अभियान के दौरान जिलेभर में व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 166 आरोपियों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान 72 उद्घोषित अपराधियों (पीओ) एवं जमानत पर फरार आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जबकि 39 गुमशुदा व्यक्तियों को सकुशल तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया गया।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशानुसार सभी थाना प्रभारियों, अपराध शाखाओं, पीओ स्टाफ तथा अन्य विशेष टीमों द्वारा समन्वित रूप से अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य लंबित मामलों में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना, उद्घोषित अपराधियों एवं जमानत पर फरार आरोपितों को पकड़ना, अवैध हथियार, नशीले पदार्थ एवं अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना रहा।
इस दौरान पुलिस ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष नाकाबंदी, गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच तथा खुफिया सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई की गई। लोकल एंड स्पेशल लॉ के अंतर्गत काफी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत 4 मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1 किलोग्राम 312 ग्राम गांजा बरामद कर 4 को गिरफ्तार किया है। इसी प्रकार शस्त्र अधिनियम के तहत 11 देसी कट्टे एवं 2 कारतूस बरामद किए तथा 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज 5 मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 412.5 बोतल अवैध देसी शराब बरामद की गई। जुआ अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ₹25,330 की नकद जुआ राशि बरामद कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमे दर्ज किए हैं।
उन्होंने आगे बताया कि फरीदाबाद पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे वीकेंड अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। चारों अभियानों में पुलिस द्वारा अब तक 1010 के करीब आरोपितों को काबू किया जा चुका है। वहीं 550 से अधिक उद्घोषित अपराधियों एवं जमानत तर्क आरोपितों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त 150 से अधिक गुमशुदा व्यक्तियों को तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया है।
चारों अभियानों के दौरान लोकल एंड स्पेशल लॉ के अंतर्गत पुलिस ने 28 किलोग्राम से अधिक गांजा, 600 प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट, 25 प्रतिबंधित इंजेक्शन, 35 देसी कट्टे व 2 कारतूस, 3,400 से अधिक अवैध शराब की बोतलें तथा जुआ अधिनियम के तहत लगभग ₹2 लाख के करीब नकद राशि बरामद की है।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध फरीदाबाद पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों एवं विशेष इकाइयों को निर्देश दिए हैं कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध हथियार, नशीले पदार्थों की तस्करी अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल फरीदाबाद पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 9999150000, 0172-2227200 या डायल 112 या फिर स्थानीय पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



