फरीदाबाद में MDMA ड्रग्स तस्करी का खुलासा, दक्षिण अफ्रीका नागरिक सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

अपराध शाखा बदरपुर बॉर्डर की कार्रवाई, वाणिज्य मात्रा में 126.96 ग्राम MDMA बरामद; अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 13 लाख रुपये

  • स्टडी वीजा पर 2019 में भारत आया था दक्षिण अफ्रीकी नागरिक, वीजा अवधि समाप्त होने के बाद से नोएडा में अवैध रूप से रह रहा था

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए MDMA की खरीद-फरोख्त और सप्लाई से जुड़े एक मामले का खुलासा किया है। अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने इस मामले में दक्षिण अफ्रीका नागरिक सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाणिज्य मात्रा में 126.96 ग्राम MDMA बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी संगम दक्षिण अफ्रीकी नागरिक से नशीला पदार्थ खरीदकर छोटी-छोटी मात्रा में बेचता था, जबकि बिसरख नोएडा निवासी विनित ने संगम से MDMA खरीदकर बेचने के लिए लिया था।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार 7 अक्टूबर 2026 को अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सूरजकुंड-अनखीर रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 126.96 ग्राम MDMA बरामद हुआ। जिसकी पहचान संगम निवासी गांव दयालपुर, फरीदाबाद के रूप में हुई। आरोपी के विरुद्ध थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया गया।

दक्षिण अफ्रीकी नागरिक से खरीदकर बेचता था नशीला पदार्थ

पुलिस ने संगम को अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी, यह MDMA नोएडा में रह रहे दक्षिण अफ्रीकी नागरिक ओडेकामरा से खरीदकर लाया था। संगम नशीले पदार्थ को कम-कम मात्रा में बेचकर मुनाफा कमाता था। पूछताछ में यह भी पता चला कि बिसरख नोएडा नोएडा निवासी विनित ने संगम से करीब 4 ग्राम MDMA बेचने के लिए खरीदा था। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने आगे कार्रवाई करते हुए दक्षिण अफ्रीकी नागरिक ओडेकामरा व विनित को 11 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया।

स्टडी वीजा पर भारत आया था दक्षिण अफ्रीकी नागरिक

पुलिस जांच में सामने आया कि दक्षिण अफ्रीका निवासी ओडेकामरा वर्ष 2019 में स्टडी वीजा पर भारत आया था। उसका वीजा वर्ष 2023 में समाप्त हो गया था, जिसके बाद वह नोएडा में अवैध रूप से रह रहा था। पुलिस अब आरोपी से नशीले पदार्थ की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

उन्होंने और अधिक जानकारी देते हुए बताया कि संगम और विनित को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, दक्षिण अफ्रीकी नागरिक ओडेकामरा को आगे की पूछताछ के लिए 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

फरीदाबाद पुलिस मामले में नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत, नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों और तस्करी से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!