फरीदाबाद में दिव्यांगजन को 1000 इलेक्ट्रिक स्कूटी वितरित करने की योजना हेतु बैठक आयोजित

फरीदाबाद : लघु सचिवालय फरीदाबाद के सभागार में कृष्ण पाल गुर्जर माननीय सहकारिता राज्य मंत्री, भारत सरकार की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में दिए गए दिशा निर्देशों की पालना करते हुए तथा आयुष सिन्हा, उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला रैड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के निर्देशानुसार जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद कार्यालय में बिजेंद्र सोरोत सचिव, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं इलेक्ट्रिक स्कूटी वितरण से पूर्व पारदर्शी, सुगम एवं प्रभावी कार्य योजना तैयार करना रहा।
बैठक में यह सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया कि प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद दिव्यांगजन तक योजना का लाभ निष्पक्ष रूप से पहुंचे। इसके लिए जांच एवं माप शिविरों के आयोजन, पात्र लाभार्थियों के सत्यापन, आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया तथा तकनीकी मूल्यांकन संबंधी विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही लाभार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविरों को व्यवस्थित एवं सरल बनाने हेतु सुझाव आमंत्रित किए गए।
बैठक में एलिम्को के प्रतिनिधि राजेश दास, उपाधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी, प्रोस्थेटिक विशेषज्ञ जयपाल तथा सुश्री ऋचा झा उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों एवं विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांगजन की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाने तथा उपकरण वितरण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं सुचारू बनाने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों द्वारा बताया गया कि माननीय प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस को सेवा एवं समर्पण दिवस के रूप में मनाते हुए यह पहल दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक आत्मनिर्भर एवं सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी। ज़िला प्रशासन एवं रेडक्रॉस की टीम द्वारा इस अभियान को सफल बनाने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।



